महोबा में आग से 2 दुकानें जलकर राख:धमाके के साथ फटे 2 गैस सिलेंडर, सुबह 3 बजे लगी आग, 7 लाख रुपये का नुकसान

Oct 29, 2026 - 14:19
0
महोबा में आग से 2 दुकानें जलकर राख:धमाके के साथ फटे 2 गैस सिलेंडर, सुबह 3 बजे लगी आग, 7 लाख रुपये का नुकसान
महोबा के कबरई थाना क्षेत्र के सुरहा गांव में गुरुवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की चपेट में आकर दो दुकानें पूरी तरह जल गईं। दुकानों के अंदर रखे दो गैस सिलेंडर भी धमाके के साथ फट गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में लाखों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक, सुरहा गांव में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे अचानक दुकानों में आग लग गई। आग की लपटें इतनी ऊंची थीं कि दूर से दिखाई दे रही थीं। देखते ही देखते आग ने दो दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान दुकानों में रखे दो गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गए। धमाकों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि सिलेंडरों के टुकड़े करीब 100 मीटर दूर तक जा गिरे। सुरहा चौकी प्रभारी और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आसपास मौजूद ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर हटाया। इसके बाद दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सद्दाम की दो दुकानों में रखा सामान जला इस अग्निकांड में गांव के सद्दाम की किराना और टायर पंचर की दुकान का सामान जल गया। दुकान में रखा किराने का सामान, पंचर बनाने का इंजन, बाइक, अनाज और अन्य सामान आग की भेंट चढ़ गया। वहीं, महेंद्र पाल की किराना दुकान भी पूरी तरह जल गई। पीड़ित दुकानदार सद्दाम के मुताबिक, उनकी दुकान में रखा सामान, बाइक, अनाज और अन्य सामग्री समेत करीब साढ़े तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, दोनों दुकानों में कुल करीब 7 लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हुई है। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग से प्रभावित दुकानदारों को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User