सहारनपुर में गर्भवती विवाहिता से दहेज में कार मांगी:जहर देकर मारने की कोशिश का आरोप, पति समेत 4 पर FIR

Nov 05, 2026 - 10:10
0
सहारनपुर में गर्भवती विवाहिता से दहेज में कार मांगी:जहर देकर मारने की कोशिश का आरोप, पति समेत 4 पर FIR
सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र की एक गर्भवती विवाहिता ने पति, ससुर, सास और देवर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट करने और जहर देकर जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने गुरुवार सुबह 7 बजे चारों के खिलाफ केस दर्ज किया। विवाहिता का आरोप है कि ससुराल वाले उससे दहेज में कार मांग रहे हैं। गांव बेरीजमा निवासी ज्योति की शादी करीब दो साल पहले बेहट थाना क्षेत्र के गांव रंडौल निवासी अभिषेक से हुई थी। ज्योति ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि शादी के बाद से पति अभिषेक, ससुर शिव कुमार, सास कुसुम और देवर टीनू कम दहेज लाने का ताना देकर उसे परेशान कर रहे हैं। अब वे दहेज में कार मांग रहे हैं। ज्योति का आरोप है कि एक बार ससुराल वालों ने उसे जान से मारने की नीयत से जहर दिया। तबीयत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी जान बच गई। उसने आरोप लगाया कि पति शराब पीकर उससे मारपीट करता है। ससुर उस पर गलत बात मानने का दबाव बनाते हैं और सास पति व देवर को उसके खिलाफ उकसाती है। विवाहिता ने आरोप लगाया कि ससुराल वाले धमकी देते हैं कि लड़की पैदा हुई तो उसे घर में कदम नहीं रखने देंगे। उस पर गर्भपात कराने का दबाव भी बनाया जा रहा है। ज्योति के मुताबिक, शादी से 15 दिन पहले भी ससुराल वालों ने उसके पिता से मोटरसाइकिल मांगी थी। मजदूरी करने वाले पिता आर्थिक तंगी के कारण मांग पूरी नहीं कर सके। इसी तनाव में शादी से पहले उनकी मौत हो गई थी। ज्योति का कहना है कि वह अपनी जान बचाकर मायके पहुंची है। उसके कपड़े और अन्य सामान ससुराल में ही हैं। उसकी मां टीबी से पीड़ित हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। ज्योति ने अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति अभिषेक समेत चारों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। मामले में पुलिस की जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User