सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी:30 किलो खराब गुलाब जामुन नष्ट कराए, मिठाई की दुकानों से 22 नमूने जांच के लिए भेजे

Nov 04, 2026 - 08:52
0
सहारनपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग की छापेमारी:30 किलो खराब गुलाब जामुन नष्ट कराए, मिठाई की दुकानों से 22 नमूने जांच के लिए भेजे
सहारनपुर में त्योहारों के मद्देनजर मिठाई और दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़े मिठाई प्रतिष्ठानों और निर्माणशालाओं पर छापेमारी की। मंगलवार देर शाम तक विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने कई नामी मिठाई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अलग-अलग दुकानों से खोया, मावा और विभिन्न मिठाइयों समेत कुल 22 नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। वहीं, छुटमलपुर में एक मिठाई की दुकान पर बिक्री के लिए रखे 30 किलो खराब गुलाब जामुन नष्ट कराए गए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश की आयुक्त के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में सहारनपुर के अलावा मुजफ्फरनगर और शामली की खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें भी शामिल रहीं। टीमों ने फाइव स्टार स्वीट्स की खुराना बेक निर्माणशाला से खोया और मिल्क पुडिंग के नमूने लिए। इसके अलावा गोल्डन बेकर्स, आनंदा एंटरप्राइजेज बेहट रोड, डायमंड स्वीट्स, बजाज स्वीट्स, हल्दीराम सरसावा, बीकानेर मिष्ठान भंडार, रस्तोगी स्वीट्स देवबंद और अशोका स्वीट्स समेत कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। अभियान के दौरान सेवन स्टार स्वीट्स, सरदार मिष्ठान भंडार, स्टैंडर्ड मिष्ठान भंडार, अनुपम स्वीट्स, गणेश मिष्ठान भंडार छुटमलपुर, कन्हैया स्वीट्स गागलहेड़ी और अग्रवाल मिष्ठान भंडार छुटमलपुर से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। इनमें खोया, मावा, चमचम, रसगुल्ला, बर्फी, मलाई रोल, मोतीचूर लड्डू, मिल्क केक, कलाकंद और अन्य मिठाइयां शामिल हैं। निरीक्षण के दौरान गणेश मिष्ठान भंडार छुटमलपुर में बिक्री के लिए रखे करीब 30 किलो खराब गुलाब जामुन मिले। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विक्रेता की सहमति से इन्हें मौके पर ही नष्ट करा दिया। वहीं,मैसर्स अख्तर नचन स्वीट्स बेहट रोड, ताजपुरा और बीकानेर मिष्ठान भंडार में मिली कमियों के आधार पर इनके खाद्य लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की जा रही है। अन्य प्रतिष्ठानों को भी कमियां दूर करने के लिए सुधार सूचनाएं जारी की जा रही हैं। विभाग के अनुसार हल्दीराम सरसावा और बीकानेरवाला नागल के निरीक्षण में कोई कमी नहीं मिली। सहायक खाद्य आयुक्त डॉ. चमन लाल के अनुसार अभियान में एकत्र किए गए सभी 22 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिठाई और दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता पर विशेष निगरानी रखी जाएगी और मिलावटखोरी के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User