सहारनपुर में पति और सास के खिलाफ FIR:महिला ने लगाए उत्पीड़न, जबरन संबंध और गलत लोगों को खुश करने के दबाव के आरोप
सहारनपुर के मंडी थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और सास पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। महिला का आरोप है कि पति शादी के बाद से ही उसका शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न कर रहा है। वह जबरदस्ती अप्राकृतिक संबंध बनाता है और विरोध करने पर मारपीट करता है। महिला की शिकायत पर बुधवार सुबह सात बजे महिला थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। थाना मंडी क्षेत्र निवासी समा प्रवीन ने एसएसपी को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी मंडी थाना क्षेत्र की भंगी कॉलोनी खाताखेड़ी निवासी सरफराज के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति का व्यवहार उसके प्रति ठीक नहीं रहा। वह लगातार उसे परेशान करता और मारपीट करता था। महिला ने अपनी सास यास्मीन उर्फ रानी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि सास के पास कुछ गलत प्रवृत्ति के लोगों का आना-जाना रहता था। सास उस पर उन लोगों को खुश करने का दबाव बनाती थी। महिला के मुताबिक,उसने इस बात का विरोध किया और सास की बात मानने से इनकार कर दिया। शिकायत के अनुसार, 15 अप्रैल 2026 को सास से मिलने के लिए दो युवक घर आए थे। सास ने महिला को उन्हें पानी पिलाने के लिए कहा। जब वह पानी लेकर पहुंची तो दोनों युवकों ने उसके साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और गलत तरीके से पकड़ लिया। महिला ने शोर मचाया तो दोनों युवक वहां से भाग गए। महिला का दावा है कि उसने भागते समय उनकी वीडियो भी बना ली थी। आरोप है कि घटना की जानकारी होने पर पति ने उसका मोबाइल तोड़ दिया। इसके बाद पति और सास ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की कोशिश की। महिला का कहना है कि उसे तन पर पहने कपड़ों में ही घर से निकाल दिया गया। मामले को लेकर मौजिज लोगों की पंचायत भी हुई, लेकिन आरोपियों का रवैया नहीं बदला। महिला ने अपनी जान-माल की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)