सहारनपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत:भाई ने दहेज और बच्चा न होने पर प्रताड़ना का आरोप लगाया; पति समेत 6 ससुरालियों पर FIR
सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के दिनारपुर गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव घर में बेड पर मिला। भाई ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग और बच्चा न होने के ताने देकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू की है। मंगलवार सुबह 7 बजे मिली जानकारी के मुताबिक, जमापुर बेरी गांव के रामकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बहन मीनू देवी की शादी 2016 में दिनारपुर गांव के विकास कुमार पुत्र पूरण सिंह से हुई थी। शादी हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। रामकुमार का आरोप है कि शादी के बाद से ससुराल पक्ष के लोग मीनू को परेशान करते थे। बच्चा न होने पर ताने दिए जाते थे और मारपीट की जाती थी। अतिरिक्त दहेज की मांग कर उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से भी प्रताड़ित किया जाता था। रामकुमार के मुताबिक, मीनू फोन पर मायके वालों को अपनी परेशानी बताती थीं। 11 नवंबर 2026 को शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच उनकी गोद ली हुई बेटी परी ने फोन कर बताया कि मीनू की फांसी लगने से मौत हो गई है। सूचना मिलने पर मायके पक्ष के लोग दिनारपुर पहुंचे। रामकुमार का आरोप है कि ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति ने उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी। घर पहुंचने पर मीनू बेड पर मृत मिलीं। भाई ने उनकी मौत के लिए ससुराल पक्ष की प्रताड़ना को जिम्मेदार बताया। शिकायत में पति विकास कुमार के अलावा पूरण सिंह, जितेंद्र, सुधा, पूनम और इंद्र सिंह को आरोपी बनाया गया है। रामकुमार ने बताया कि बहन की मौत के बाद परिवार सदमे में था और अंतिम संस्कार के कारण पुलिस को शिकायत देने में देरी हुई। पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)