शराब पीकर लॉरेंस बिश्नोई बनकर धमकाता था युवक:व्हाट्सएप पर गैंग की फोटो लगाकर लोगों को जान से मारने की धमकी देता था, गिरफ्तार

Oct 27, 2026 - 16:00
0
शराब पीकर लॉरेंस बिश्नोई बनकर धमकाता था युवक:व्हाट्सएप पर गैंग की फोटो लगाकर लोगों को जान से मारने की धमकी देता था, गिरफ्तार
गाजियाबाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बनकर लोगों को जान से मारने की धमकी देता था। आरोपी सोशल मीडिया पर गैंग से जुड़ी रील देखकर प्रभावित हुआ था और व्हाट्सएप पर गैंग की फोटो लगाता था। पुलिस के मुताबिक, प्रताप विहार निवासी आरव शर्मा को 18 अक्टूबर 2026 को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर ऑडियो मैसेज मिला था। इसमें भेजने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए आरव को जान से मारने की धमकी दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने अपराध शाखा को आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सर्विलांस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से आरोपी का पता लगाया। जांच में फैजाबाद के महाराजगंज थाना क्षेत्र के अमौनी भोया गांव निवासी अंशु प्रजापति (20) का नाम सामने आया। इसके बाद अपराध शाखा और विजयनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वर्ष 2025 में काम करने के लिए महाराष्ट्र के पुणे गया था। वहां वह एक कंपनी में काम करता है और अपने दोस्तों के साथ रहता है। आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर सक्रिय था। पुलिस के अनुसार, वह लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ी रील और अन्य सामग्री से प्रभावित था। आरोपी ने अपने मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप बिजनेस अकाउंट बना रखा था। इसकी प्रोफाइल फोटो पर लॉरेंस बिश्नोई की तस्वीर लगाई थी और विवरण में गैंग का नाम लिखा था। पूछताछ में उसने बताया कि वह अक्सर नशे की हालत में सोशल मीडिया से लोगों के मोबाइल नंबर जुटाता था और खुद को गैंग का सदस्य बताकर उन्हें धमकी देता था। पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर की रात करीब 10:21 बजे आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक रील से मिले नंबर पर दो वॉयस मैसेज भेजकर आरव शर्मा को धमकी दी थी। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन बरामद किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User