सिद्धार्थनगर में DM ने कुम्हार से मिट्टी के दीये खरीदे:इलेक्ट्रिक चाक पर खुद बनाया दीपक, VIDEO
दीपावली पर मिट्टी के दीयों की खरीदारी को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन शनिवार को सिद्धार्थनगर के नौगढ़ ब्लॉक स्थित धेंसा नानकार गांव पहुंचे। उन्होंने कुम्हार लवकुश प्रजापति के घर से चौमुखी, मैजिक और सामान्य दीये खरीदे। जिलाधिकारी ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय कारीगरों को रोजगार देने के लिए मिट्टी के दीये खरीदने की अपील की। उन्होंने लवकुश से दीये और मिट्टी के दूसरे उत्पाद बनाने में आने वाली दिक्कतों, मिट्टी की उपलब्धता और कारोबार के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने मिट्टी के उत्पाद बनाने वाली इकाई देखी। जिलाधिकारी खुद इलेक्ट्रिक चाक पर बैठे और दीया बनाकर माटी कला को समझा। उन्होंने जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गंगाधर दूबे को स्थानीय मिट्टी कला को बढ़ावा देने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कारीगरों के उत्पादों को बाजार दिलाने की व्यवस्था करने को कहा, ताकि उनकी आमदनी बढ़े और रोजगार के बेहतर मौके मिलें। धेंसा नानकार गांव के 39 वर्षीय लवकुश प्रजापति, बुद्धिराम प्रजापति के बेटे हैं। उन्होंने बताया कि उनका परिवार कई पीढ़ियों से मिट्टी के बर्तन और दीये बना रहा है। उनके पिता मिट्टी के खिलौने, दीपक और घड़े बनाकर परिवार चलाते थे। लवकुश ने बताया कि समय के साथ मिट्टी के दीयों और बर्तनों का कारोबार कम होने लगा था। उन्होंने मुंबई में करीब 18 साल तक मिट्टी के बर्तन, दीये, कुल्हड़, घड़े और दूसरी उपयोगी चीजें बनाने का काम सीखा। इसके बाद उन्होंने पैतृक कारोबार को नए तरीके से आगे बढ़ाने का फैसला किया। भाई और परिवार के सदस्यों की मदद से उन्होंने मिट्टी के खिलौने, बर्तन, घड़े और कुल्हड़ बनाने की इकाई शुरू की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)