सीताकुंड घाट पर 200 से अधिक जवान तैनात होंगे:छठ पर सुरक्षा के लिए घाट 5 सेक्टरों में बंटा, दो शिफ्टों में ड्यूटी और ड्रोन से निगरानी

Nov 15, 2026 - 07:38
0
सीताकुंड घाट पर 200 से अधिक जवान तैनात होंगे:छठ पर सुरक्षा के लिए घाट 5 सेक्टरों में बंटा, दो शिफ्टों में ड्यूटी और ड्रोन से निगरानी
छठ पूजा पर सुल्तानपुर के सीताकुंड घाट पर 200 से अधिक पुलिस और पीएसी के जवान तैनात होंगे। घाट और आसपास के इलाकों पर ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं की सुरक्षा के लिए सीताकुंड घाट परिसर को पांच सेक्टरों में बांटा गया है। हर सेक्टर की जिम्मेदारी पुलिस अधिकारियों को सौंपी गई है। सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी दो शिफ्टों में होगी। रविवार दोपहर बाद से अगले दिन सुबह के अर्घ्य तक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। घाट पर महिलाओं, युवतियों और बच्चों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने शोहदों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने की योजना बनाई है। महिला और पुरुष पुलिसकर्मी सादी वर्दी में तैनात रहेंगे। एक सब-इंस्पेक्टर के नेतृत्व में महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की कई टीमें बनाई गई हैं। हर टीम में दो-दो महिला और पुरुष पुलिसकर्मी होंगे। ये टीमें मेला क्षेत्र और घाट पर घूमकर गतिविधियों पर नजर रखेंगी। रविवार दोपहर बाद से श्रद्धालुओं के घाट पहुंचने का सिलसिला शुरू होगा। भीड़ और जाम से बचने के लिए प्रवेश और निकास के अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं। सीताकुंड घाट की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर बैरिकेडिंग होगी और पुलिस पिकेट तैनात रहेंगी। सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि शहर के दीवानी चौराहा, सिविल लाइंस समेत अन्य प्रमुख चौराहों और मार्गों पर भीड़ के दबाव और आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा। इसके लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान तैयार किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को घाट तक पहुंचने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। पुलिस प्रशासन ने आमजन और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्गों का ही प्रयोग करें और व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User