सीतापुर के नए डीएम ने डबल लॉक में कार्यभार संभाला:प्रथमेश कुमार ने धान खरीद और जनगणना को प्राथमिकता बताया
सीतापुर जिले के नवागत डीएम प्रथमेश कुमार ने सोमवार सुबह 10 बजे कोषागार के डबल लॉक में पहुंचकर जिलाधिकारी पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व आयुष चौधरी, कोषाधिकारी दिलीप कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। कार्यभार संभालने के बाद नवागत डीएम प्रथमेश कुमार ने अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनपद में चल रही योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। विशेष रूप से धान खरीद और जनगणना के कार्यों पर उनका फोकस रहेगा। इन दोनों महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति का जायजा लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि काम निर्धारित समय और बेहतर तरीके से पूरा हो सके। डीएम ने कहा कि जिले में संचालित सभी विकास कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी। प्रयास रहेगा कि विकास परियोजनाओं को तेजी से पूरा कराया जाए और उनका लाभ आम जनता तक पहुंचे। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं और शिकायतों का निस्तारण भी गंभीरता से कराया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा कि शिकायतों का केवल निस्तारण ही न हो, बल्कि उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े, इसके लिए भी प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। नवागत डीएम ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिकताओं, विकास कार्यों की गति और जनसमस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासनिक स्तर पर लगातार समीक्षा की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)