सीतापुर में युवक की हत्या के आरोप में 3-हिरासत में:परिजनों ने लगाया हत्या कर शव फेंकने का आरोप
सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में तालाब में मिले युवक के शव के मामले में मंगलवार सुबह नया मोड़ आ गया। मृतक के परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या कर शव तालाब में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर तीनों नामजद आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। वहीं, पोस्टमार्टम के बाद सोमवार शाम युवक का शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। 30 अक्टूबर को घर से निकला था युवक मामला थाना क्षेत्र के फत्तेपुरवा गांव का है। गांव निवासी 20 वर्षीय पिंटू भार्गव 30 अक्टूबर की शाम घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। सोमवार सुबह गांव के बाहर स्थित तालाब में उसका शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। शराब ठेके पर हुआ था विवाद परिजनों के मुताबिक, 24 अक्टूबर को गांव के चौराहे पर स्थित शराब के ठेके पर मामूली कहासुनी के बाद विवाद हुआ था। आरोप है कि इस दौरान ठेके के सेल्समैन अंकित, पम्मू और लवकुश ने पिंटू की पिटाई की थी। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिजनों का दावा है कि पिंटू ने इस मामले की शिकायत पुलिस से भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते तीनों ने पिंटू की हत्या कर शव तालाब में फेंक दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना बताया गया है। शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं मिले हैं। सीओ महमूदाबाद कपूर कुमार ने बताया कि तीनों नामजद आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हत्या कर शव फेंके जाने की बात अभी संदिग्ध है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। तथ्यों के आधार पर जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)