सजे घाटों पर सूर्य को पहला अर्घ्य आज:36 घंटे के निर्जला व्रत में डूबे व्रती, उदीयमान सूर्य की उपासना के साथ होगा महापर्व का समापन
लोक आस्था के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य देंगे। इसके लिए सरयू नदी के घाटों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इससे पहले शनिवार को छठ पर्व के दूसरे दिन खरना पूजन किया गया। व्रतियों ने पूरे दिन निराहार रहकर शाम को स्नान के बाद सूर्य देव और छठी मइया की पूजा की। इसके बाद गुड़ की खीर, रोटी और फलों का प्रसाद तैयार किया। पूजा के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया और परिवार व आसपास के लोगों में वितरित किया। खरना के साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू हो गया। छठ पूजा को लेकर नगर निगम ने सरयू नदी के संत तुलसीदास घाट, लक्ष्मण घाट, सियाराम किला, झुनकी घाट और गुप्तारघाट पर विशेष सफाई अभियान चलाया। घाटों की प्रेशर मशीन से धुलाई कराई गई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रकाश व्यवस्था भी की गई है। नगर आयुक्त ज्येंद्र कुमार ने विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर अधिकारियों को साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)