संभल की हवा बेहद खराब, AQI 677 पर पहुंचा:कोहरा पड़ा, विजिबिलिटी 150 मीटर रही, अस्पतालों में मरीज बढ़े
संभल के ग्रामीण इलाकों और हाईवे पर कोहरा छाया रहा। विजिबिलिटी 150 मीटर दर्ज की गई। कोहरे के कारण हाईवे पर वाहनों की रफ्तार धीमी रही। AQI 677 दर्ज किया गया, जो रेड जोन में है। पिछले 8 दिनों में 2 दिन AQI पर्पल जोन में रहा था। सुबह न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा। ठंडी हवाएं 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलीं। गुरुवार सुबह 8 बजे जिले का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन में धूप के कारण गर्मी और सुबह-शाम ठंडक रहने का अनुमान है। दोपहर 12 से शाम 6 बजे तक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पहुंचने की संभावना है। यह पिछले 5 दिनों के मुकाबले 1 डिग्री कम रहेगा। शाम को तापमान 5 डिग्री गिरकर 23 डिग्री तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने अगले 3 से 4 दिनों में तापमान 3 डिग्री गिरने का अलर्ट जारी किया है। बढ़ते AQI के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। अक्टूबर के आखिरी दिनों में हुई बारिश के बाद गंगा स्नान के त्योहार से पहले मौसम बदला है। सरकारी और निजी अस्पतालों में खांसी, जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चंदौसी शहर में मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों को कोहरे का सामना करना पड़ा। चंदौसी जंक्शन पहुंचने वाली 4 से 5 ट्रेनें तय समय से कुछ आगे-पीछे पहुंच रही हैं। स्थानीय निवासी विनय कुमार ने बताया कि वह 25 साल से मॉर्निंग वॉक पर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली से 15 दिन पहले इतना कोहरा और ठंड उन्होंने पहले नहीं देखी। जिला संयुक्त चिकित्सालय संभल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदौसी की ओपीडी में मरीजों की संख्या 1,000 तक पहुंच रही है। अन्य सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी 500 से ज्यादा है। इस साल संभल जिले में सामान्य से 102% अधिक बारिश हुई है। 1 जून से 31 अक्टूबर तक 1,330.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि इस अवधि में 696.4 मिलीमीटर बारिश होनी थी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)