मेले में युवक की हत्या का आरोपी पकड़ा गया:दोनों पैर पर मारी गोली, बदायूं पुलिस ने 50 हजार इनाम घोषित किया था

Nov 12, 2026 - 08:47
0
मेले में युवक की हत्या का आरोपी पकड़ा गया:दोनों पैर पर मारी गोली, बदायूं पुलिस ने 50 हजार इनाम घोषित किया था
बदायूं के दातागंज मेले में चाकू से हमला कर रोहित नाम के युवक की हत्या और उसके दोस्त ऋतिक को घायल करने के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहम्मद वारिश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गुरुवार सुबह 5 बजे गिरफ्तार कर लिया। अलापुर थाना पुलिस की ककराला रोड पर मोहम्मदगंज की पुलिया के पास आरोपी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वारिश के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि मुठभेड़ के दौरान एक सिपाही भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, 7 नवंबर को दातागंज कस्बे में मेले के दौरान चाकू से हमला कर बेहटा माधो निवासी रोहित (25) पुत्र पुत्तू की हत्या कर दी गई थी। हमले में उसका दोस्त ऋतिक (26) भी घायल हुआ था। इस मामले में थाना दातागंज में मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात के बाद से ही बरेली जिले के फरीदपुर निवासी मोहम्मद वारिश पुत्र रहीश अहमद फरार चल रहा था। वारिश खिलौनों का दुकानदार है। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया गुरुवार सुबह करीब पांच बजे अलापुर पुलिस को आरोपी के ककराला रोड पर मोहम्मदगंज की पुलिया के पास होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो मुठभेड़ हो गई। इसमें वारिश के दोनों पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा व खोखा कारतूस बरामद किए हैं। घायल सिपाही और आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मुठभेड़ के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User