श्रीकृष्ण पर टिप्पणी से भड़का यादव महासभा का आक्रोश:मैनपुरी में बागेश्वर धाम धीरेंद्र शास्त्री और संगीत राजी का फूंका पुतला
भगवान श्रीकृष्ण पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मैनपुरी में यादव महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आक्रोश सड़क पर दिखाई दिया। बुधवार की दोपहर करीब 12 बजे कार्यकर्ताओं ने शहर के दीवानी रोड स्थित स्टेशन-ईशन नदी पुल पर बाबा बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री और संगीत रागी के पुतले फूंके। इस दौरान जमकर नारेबाजी करते हुए दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि धर्म और भगवान के नाम पर किसी भी समाज की भावनाओं को आहत करने का अधिकार किसी को नहीं है। सभी समाजों और धर्मों के कल्याण की बात यादव महासभा के जिलाध्यक्ष रावल सिंह यादव ने कहा कि साधु-संत का काम सभी समाजों और धर्मों के कल्याण की बात करना और लोगों को आपसी भाईचारे के साथ जोड़ना है, लेकिन कुछ लोग साधु का भेष धारण कर समाज को बांटने का काम कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान श्रीकृष्ण, उनके नाम और गांव को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। कहीं भगवान राम को लेकर विवादित बातें कही जाती हैं तो कहीं भगवान कृष्ण पर टिप्पणी की जाती है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पूरे समाज को अपमानित करने का अधिकार रावल सिंह ने एक डिबेट में शामिल संगीत रागी पर भी यादव समाज को लेकर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति को पूरे समाज को अपमानित करने का अधिकार नहीं है। ऐसे लोगों की जगह जेल में होनी चाहिए या फिर उनका मानसिक परीक्षण कराया जाना चाहिए। यादव महासभा ने सरकार से दोनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यह विरोध केवल मैनपुरी तक सीमित नहीं है, बल्कि भगवान श्रीकृष्ण के भक्तों और समाज के लोगों में व्यापक नाराजगी है। यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में गांव-गांव और गली-गली में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जनता सड़कों पर उतरकर अपनी नाराजगी जाहिर करेगी। वहीं, सोमवार की रात में यादव नगर के बोर्ड को जेसीबी से तोड़े जाने की घटना पर भी रावल सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी जाति या धर्म के नाम और पहचान को निशाना बनाना गलत है। अपने समाज और धर्म को श्रेष्ठ मानने का अधिकार सभी को है, लेकिन दूसरे समाज या धर्म को छोटा दिखाने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी धर्म, समाज और उनके आराध्य सम्मान के योग्य हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)