MBBS-2026 बैच के विद्यार्थियों को पहनाए गए व्हाइट कोट:इटावा के सैफई मेडिकल कॉलेज में नैतिक जिम्मेदारी निभाने का विद्यार्थियों ने लिया संकल्प
इटावा के उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई में मंगलवार रात MBBS 2026 बैच के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए व्हाइट कोट समारोह आयोजित किया गया। कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने विद्यार्थियों को व्हाइट कोट पहनाकर चिकित्सा शिक्षा के नए सफर की शुरुआत कराई। उन्होंने विद्यार्थियों को मरीजों की सेवा, नैतिक मूल्यों और चिकित्सा पेशे की जिम्मेदारियों के प्रति निष्ठावान रहने का संदेश दिया। स्वतंत्र सोच विकसित करें विद्यार्थी समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति ने विद्यार्थियों और उनके परिजनों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि कोई भी विद्यार्थी किसी से कमजोर नहीं है। विद्यार्थियों को बाहरी दबाव में आने के बजाय अपने विवेक से फैसले लेने चाहिए। उन्हें स्वतंत्र सोच विकसित करनी चाहिए और मानसिक दबाव का दृढ़ता से सामना करना चाहिए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा का पेशा केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि सेवा, संवेदनशीलता और नैतिक जिम्मेदारी का प्रतीक है। हर विद्यार्थी को राष्ट्र, समाज, कानून और चिकित्सा धर्म के प्रति निष्ठावान रहना चाहिए। मरीजों के हितों को प्राथमिकता देते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए। नशे और अनुचित गतिविधियों से दूर रहने की सलाह कुलपति ने विद्यार्थियों को धूम्रपान, नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी आदत के लिए दृढ़ता से मना करना सीखें। छात्राओं को विशेष रूप से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी गैरकानूनी या अनुचित गतिविधि के लिए सहमति न दें और अपनी समझ व अंतर्मन की आवाज पर भरोसा रखें। रैगिंग रोकने के दिए निर्देश कुलपति ने विश्वविद्यालय की एंटी रैगिंग समिति को विद्यार्थियों की सुरक्षा और देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रैगिंग सामाजिक बुराई है और इसे विश्वविद्यालय में किसी भी परिस्थिति में पनपने नहीं देना चाहिए। विद्यार्थियों को सुरक्षित और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना विश्वविद्यालय की जिम्मेदारी है। समारोह में प्रति कुलपति प्रो. (डॉ.) आदेश कुमार, संकायाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) उषा शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) एसपी सिंह, चिकित्सा अधीक्षक अमित सिंह, इंचार्ज मेडिकल एजुकेशन यूनिट प्रो. (डॉ.) रवि रंजन, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) कीर्ति जायसवाल और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. प्रवेश कुमार समेत विश्वविद्यालय के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)