सपा एमएलसी बोले- सीएम को अच्छे डॉक्टर से मिलना चाहिए:अखिलेश राम मंदिर कब जाएंगे, यह उनकी श्रद्धा, भाजपा तय नहीं कर सकती
गाजीपुर में समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि वाराणसी में एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान भाजपा नेताओं का धरना 2027 के विधानसभा चुनाव में हार का रिहर्सल था। उन्होंने दावा किया कि 2027 में अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे और भाजपा के मंत्री-विधायक तब भी धरने पर बैठेंगे। आशुतोष सिन्हा गुरुवार शाम 4 बजे बंशी बाजार स्थित पार्टी कार्यालय लोहिया-मुलायम सिंह भवन में आयोजित स्वागत समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने प्रदेश की राजनीति और विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखी। अखिलेश कब मंदिर जाएंगे, यह उनकी श्रद्धा का विषय अयोध्या में अखिलेश यादव के प्रस्तावित दौरे पर भाजपा के सवालों का जवाब देते हुए सिन्हा ने कहा कि अखिलेश मंदिर कब जाएंगे और दर्शन कब करेंगे, यह उनकी श्रद्धा का विषय है। इसे भाजपा तय नहीं कर सकती। उन्होंने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने किसी पर हमला नहीं कराया और न ही किसी पर गोली चलवाई। सिन्हा ने भाजपा पर चंदा और मंदिर के चढ़ावे की चोरी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गोली चलवाने वाले लोग आज दूसरों पर सवाल उठा रहे हैं। तीसरे मोर्चे पर बोले- अभी कुछ कहना जल्दबाजी 2027 के विधानसभा चुनाव में तीसरे मोर्चे की संभावना पर सिन्हा ने कहा कि एनडीए और इंडिया गठबंधन के अलावा ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के नेतृत्व में तीसरा मोर्चा बनेगा या नहीं, इस बारे में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा कई तरह के हथकंडे अपना रही है, लेकिन उसका कोई हथकंडा कामयाब नहीं होगा। सिन्हा ने दावा किया कि किसान, बेरोजगार, बुनकर, अधिवक्ता, युवा, शिक्षक, शिक्षामित्र, राज्य कर्मचारी और वित्तविहीन शिक्षक समेत प्रदेश का हर वर्ग अखिलेश यादव की ओर देख रहा है। योगी के बयान पर की टिप्पणी उत्तर प्रदेश में उत्तराखंड के लोगों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की टिप्पणी पर सिन्हा ने कहा कि इतनी छोटी मानसिकता का कोई मुख्यमंत्री होगा, ऐसा उन्हें नहीं लगता। उन्होंने मुख्यमंत्री की भाषा और सोच पर भी सवाल उठाए। तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को किसी अच्छे डॉक्टर से मिलना चाहिए। ओमप्रकाश राजभर के पढ़े-लिखे लोगों के चुनाव संबंधी बयान पर उन्होंने कहा कि पहले समाजवादी पार्टी को लेकर कहा जाता था कि इसमें कम पढ़े-लिखे लोग हैं, लेकिन अब पढ़े-लिखे लोगों ने भी पार्टी का समर्थन किया है। आने वाले समय में गरीब, कम पढ़े-लिखे और उच्च शिक्षित समेत हर वर्ग समाजवादी पार्टी के साथ खड़ा होगा। शिक्षकों के मुद्दे सदन में उठाने का भरोसा स्वागत समारोह में शिक्षक एमएलसी लाल बिहारी यादव ने शिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के मान-सम्मान, अधिकारों और समस्याओं की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी। वहीं, आशुतोष सिन्हा ने अपनी जीत का श्रेय पार्टी के बूथ स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष गोपाल सिंह यादव ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव कन्हैया लाल विश्वकर्मा ने किया। इस दौरान विधायक डॉ. वीरेंद्र यादव, जैकिशन साहू, पूर्व विधायक खुर्शीद अहमद समेत पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)