सपा नेताओं ने पीडीए एकता का संदेश दिया:बरेली में संविधान सम्मान और सामाजिक एकता सम्मेलन

Nov 13, 2026 - 18:54
0
सपा नेताओं ने पीडीए एकता का संदेश दिया:बरेली में संविधान सम्मान और सामाजिक एकता सम्मेलन
बरेली में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा नेताओं ने पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग को एकजुट करने का संदेश दिया। जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र, सिविल लाइंस में पीडीए पंचायत, संविधान सम्मान एवं सामाजिक एकता सम्मेलन हुआ। इसका आयोजन पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन और पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने किया। सम्मेलन में सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और भाईचारे के मुद्दों पर अलग-अलग वर्गों को एक मंच पर लाने की बात कही गई। पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप, आंवला सांसद नीरज मौर्य और सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव समेत कई नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा। वक्ताओं ने कहा कि संविधान सभी नागरिकों को समानता और सम्मान का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समाज की एकजुटता से सामाजिक न्याय और अधिकारों की लड़ाई मजबूत होगी। पूर्व महापौर सुप्रिया ऐरन ने कहा कि महिला सशक्तिकरण सामाजिक बदलाव की बुनियाद है। महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और राजनीति में समान अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता के बिना समाज की तरक्की संभव नहीं है। सुप्रिया ऐरन ने महंगाई पर चिंता जताते हुए कहा कि इसका असर महिलाओं के घरेलू बजट और आम परिवारों की आर्थिक स्थिति पर पड़ रहा है। पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने कहा कि पीडीए की एकजुटता सामाजिक न्याय और समान अधिकारों की आवाज मजबूत करेगी। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में अखिलेश यादव के नेतृत्व में सपा की सरकार बनाने के लिए सभी वर्गों से मिलकर काम करने की अपील की। सपा जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव ने महंगाई, बेरोजगारी और जनहित के मुद्दों पर भाजपा सरकार से सवाल किए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विधानसभा क्षेत्रों में संगठन मजबूत करने को कहा। पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने सामाजिक सद्भाव और सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा को जरूरी बताया। कार्यक्रम का संचालन अनुज गंगवार ने किया। कैंट विधानसभा अध्यक्ष हरिओम प्रजापति ने आयोजन में भूमिका निभाई। इस दौरान राजकुमार पाल, राजेश अग्रवाल, अशोक यादव, रविंद्र यादव, सिंपल कनौजिया, जैनव फातिमा, सरताज गजल अंसारी और इश्तियाक सकलेनी समेत सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User