स्पेशल टीईटी का पेपर सामान्य टीईटी से कठिन रहा:प्रयागराज के 22 केंद्रों पर पहली पाली में 8,928 अभ्यर्थी पंजीकृत थे

Nov 03, 2026 - 13:56
0
स्पेशल टीईटी का पेपर सामान्य टीईटी से कठिन रहा:प्रयागराज के 22 केंद्रों पर पहली पाली में 8,928 अभ्यर्थी पंजीकृत थे
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित स्पेशल टीईटी की परीक्षा मंगलवार को प्रथम पाली में हो गई। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे सेदोपहर 12:00 बजे तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कराई गई। इस बार यह परीक्षा शिक्षकों के लिए महज एक औपचारिकता नहीं, बल्कि अपनी नौकरी बचाने की सबसे बड़ी और कठिन जंग साबित हो रही है। यही वजह है कि परीक्षा केंद्रों पर पहुंचे अभ्यर्थियों के चेहरों पर साफ तनाव और गंभीर चिंताएं देखी गईं, क्योंकि उनके भविष्य और करियर की डोर इसी परीक्षा के नतीजों पर टिकी हुई है। इस महत्वपूर्ण परीक्षा के लिए प्रयागराज में कुल 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जिन पर कुल 8,928 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। सुबह से ही केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। परीक्षा समाप्त होने के बाद जब अभ्यर्थी प्रयागराज के अग्रसेन इंटर कॉलेज केंद्र से बाहर निकले, तो उन्होंने अपने अनुभव साझा किया। परीक्षार्थियों ने खुलकर बताया कि यह स्पेशल टीईटी का पेपर सामान्य टीईटी की परीक्षाओं के मुकाबले कठिन था। खासतौर पर पेडागोजी (शिक्षाशास्त्र) और अन्य तकनीकी विषयों से जुड़े सवाल काफी उलझाने वाले थे, जिन्हें हल करने में परीक्षार्थियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। सिर पर नौकरी जाने का मंडराता खतरा और ऊपर से पेपर का ऐसा कड़ा स्तर, इन दोनों ने मिलकर अभ्यर्थियों की मुश्किलें काफी बढ़ा दीं। हालांकि, इन तमाम कठिनाइयों के बावजूद कई अनुभवी शिक्षकों का यह भी कहना था कि उन्होंने अपनी तरफ से पूरी मेहनत की है और उन्हें उम्मीद है कि वे इस अग्निपरीक्षा में सफल होकर अपनी नौकरी बचाने में कामयाब रहेंगे। प्रथम पाली की परीक्षा सकुशल संपन्न होने के बाद अब जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग का पूरा फोकस दूसरी पाली की परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित कराने पर है। अधिकारियों द्वारा केंद्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आपको बता दें कि इस परीक्षा की दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शुरू होकर शाम 5:00 बजे तक चलेगी, जिसके लिए प्रयागराज में 7,950 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User