सर्दी के साथ बनारस में एयर प्यूरीफायर की मांग बढ़ी:पिछले साल के मुकाबले 50 गुना तक इजाफा, डॉक्टर बोले- सांस के मरीजों को ज्यादा जरूरत
सर्दी की शुरुआत के साथ वाराणसी में वायु प्रदूषण को लेकर लोगों की चिंता बढ़ने लगी है। इसका असर अब बाजार में भी दिख रहा है। घरों और ऑफिस में साफ हवा के लिए लोग एयर प्यूरीफायर खरीद रहे हैं। दुकानदारों के मुताबिक, पिछले साल के मुकाबले इस साल इसकी मांग में काफी बढ़ोतरी हुई है। आरडी कोठारी और यति टीवी शोरूम के संचालकों ने बताया कि पहले एयर प्यूरीफायर मुख्य रूप से डॉक्टर अपने चेंबर के लिए खरीदते थे, लेकिन अब आम लोग भी इसकी जानकारी लेने और खरीदने पहुंच रहे हैं। वहीं, विशेषज्ञों का कहना है कि सितंबर से दिसंबर के बीच सांस संबंधी बीमारियों के मरीज बढ़ते हैं, लेकिन हर व्यक्ति को एयर प्यूरीफायर खरीदने की जरूरत नहीं है। पिछले साल डॉक्टर खरीदते थे, अब आम लोग भी मांग रहे यति टीवी शोरूम के संचालक संकल्प सिंह ने बताया कि पिछले साल तक एयर प्यूरीफायर की बिक्री बहुत कम थी। उस समय ज्यादातर डॉक्टर अपने चेंबर के लिए इसे खरीदते थे। कई बार मरीज उन्हें गिफ्ट भी करते थे। दिवाली के बाद प्रदूषण और पटाखों के धुएं को लेकर लोगों की चिंता बढ़ी है। दिल्ली में प्रदूषण की खबरों के बाद बनारस के लोग भी एयर प्यूरीफायर के बारे में जानकारी लेने लगे हैं। ऑनलाइन जानकारी और जागरूकता बढ़ने से इसकी मांग बढ़ी है। उन्होंने बताया कि इस समय यूरेका फोर्ब्स और फिलिप्स जैसे ब्रांड के एयर प्यूरीफायर की मांग आ रही है, लेकिन स्थानीय बाजार में इनकी उपलब्धता और सर्विस की समस्या है। फिल्टर और स्पेयर पार्ट्स आसानी से नहीं मिलने के कारण दुकानदार भी नए ब्रांड की सप्लाई को लेकर सतर्क हैं। एक साल में 15 से बढ़कर 30-35 तक पहुंची बिक्री आरडी कोठारी के संचालक मुकुंद कपूर ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार एयर प्यूरीफायर की मांग काफी बढ़ी है। पिछले साल जहां करीब 15 पीस बिके थे, वहीं इस साल अब तक 30 से 35 पीस बिक चुके हैं। पहले इसे ज्यादातर डॉक्टर ही खरीदते थे, लेकिन अब आम लोग भी अपने घरों के लिए एयर प्यूरीफायर ले रहे हैं। सितंबर से दिसंबर तक बढ़ते हैं सांस के मरीज श्वास रोग विशेषज्ञ और आईएमए अध्यक्ष निर्वाचित प्रो. डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सितंबर से दिसंबर के बीच सांस संबंधी बीमारियों के मरीजों की संख्या बढ़ती है। इस दौरान वातावरण में मौजूद धूल, परागकण और एलर्जी पैदा करने वाले तत्वों के साथ दिवाली के पटाखों का धुआं भी परेशानी बढ़ाता है। इससे एलर्जिक राइनाइटिस, एलर्जिक ब्रोंकाइटिस और अस्थमा जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। जिन लोगों को पहले से अस्थमा, सीओपीडी या ब्रोंकाइटिस की समस्या है, उन्हें इस मौसम में ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। हर किसी के लिए जरूरी नहीं एयर प्यूरीफायर डॉ. श्रीवास्तव के अनुसार, एयर प्यूरीफायर का इस्तेमाल घर के अंदर हवा को साफ रखने में मदद कर सकता है। खासकर पहले से सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को इससे फायदा मिल सकता है। हालांकि, इसका लाभ मुख्य रूप से उस कमरे तक सीमित रहता है, जहां मशीन चल रही होती है। बाहर निकलने पर व्यक्ति दोबारा प्रदूषित हवा के संपर्क में आता है। दिवाली पर पिछले साल से ज्यादा बिगड़ी बनारस की हवा दिवाली के दौरान इस साल बनारस की हवा पिछले साल के मुकाबले ज्यादा प्रदूषित रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक, 2025 में दिवाली के दिन शहर का एक्यूआई 118 था, जबकि इस साल 8 नवंबर को यह बढ़कर 224 पहुंच गया। दिवाली के अगले दिन 2025 में एक्यूआई 156 था, जो इस साल बढ़कर 274 हो गया। वहीं, 10 नवंबर को एक्यूआई 160 और 11 नवंबर को 134 दर्ज किया गया। चार दिनों के तुलनात्मक आंकड़ों के अनुसार, इस साल दिवाली के आसपास प्रदूषण का स्तर पिछले साल से करीब 58% अधिक रहा। दूसरी ओर, निजी प्लेटफॉर्म AQI.in के मुताबिक, 8 और 9 नवंबर की मध्यरात्रि को एक्यूआई 921 तक पहुंच गया था। हालांकि, यह अलग प्लेटफॉर्म और समय की रीडिंग है, इसे सीपीसीबी के औसत एक्यूआई से सीधे नहीं मिलाना चाहिए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)