गीडा में 5 कंपनियां करेंगी 17650 करोड़ का निवेश:29 नवंबर को CM योगी के समक्ष होगा प्रस्तावित निवेश का MOU

Nov 26, 2026 - 05:12
0
गीडा में 5 कंपनियां करेंगी 17650 करोड़ का निवेश:29 नवंबर को CM योगी के समक्ष होगा प्रस्तावित निवेश का MOU
औद्योगिक विकास के मानचित्र पर तेजी से उभर रहे GIDA (गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण) के नाम एक और बड़ी एवं ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ने जा रही है। पूर्वांचल के औद्योगिक कायाकल्प की धुरी बन चुके GIDA में 7 प्रमुख कंपनियां कुल 17650 करोड़ रुपये का भारी-भरकम निवेश करेंगी। गीडा के 37वें स्थापना दिवस समारोह के उपलक्ष्य में 29 नवंबर को होने वाले मुख्य कार्यक्रम के मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में इन प्रस्तावित निवेश परियोजनाओं के लिए समझौता ज्ञापन (MOU) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे। यह विशाल पूंजी निवेश मुख्य रूप से हरित ऊर्जा (ग्रीन अमोनिया), दवा निर्माण (फार्मास्युटिकल्स), धातु प्रसंस्करण, आसवनी (डिस्टिलरी) और मत्स्य आहार (फिश फीड) उत्पादन जैसे रोजगारपरक क्षेत्रों में किया जाएगा। इस पहल से न केवल पूर्वांचल की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर हजारों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे। ​कभी औद्योगिक पिछड़ेपन और बंद पड़ी इकाइयों के दंश से जूझने वाला GIDA, बीते एक दशक में पसंदीदा इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन और राज्य सरकार की पारदर्शी औद्योगिक नीतियों ने निवेशकों का भरोसा इस कदर जीता है कि आज कॉरपोरेट घराने गोरखपुर में अपनी इकाइयां लगाने के लिए आगे आ रहे हैं। स्थापना दिवस समारोह में होने जा रहे ये 5 बड़े करार इसी बदलते परिवेश और निवेशकों के अटूट विश्वास का प्रत्यक्ष प्रमाण हैं। ​गीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) विशाल कुमार का कहना है कि स्थापना दिवस के मुख्य समारोह में 17650 करोड़ रुपये के निवेश के लिए 5 नए एमओयू पर हस्ताक्षर होने के साथ ही GIDA विकास के एक नए युग में प्रवेश करेगा। प्रस्तावित निवेश एमओयू पर गौर करें तो एक्मे की तरफ से ग्रीन अमोनिया के क्षेत्र में होने वाला 16000 करोड़ रुपये का बड़ा निवेश जहां पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ईंधन के लक्ष्यों को पूरा करने में सहायक होगा, वहीं 500-500 करोड़ रुपये के निवेश वाली दवा निर्माण, धातु प्रसंस्करण की इकाइयां क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादन को बढ़ावा देंगी। इसके अतिरिक्त, कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सीधे तौर पर लाभ पहुंचाने के लिए 500 करोड़ रुपये की आसवनी इकाई और 150 करोड़ रुपये की मत्स्य आहार की परियोजनाएं भी इस निवेश का अहम हिस्सा हैं। आसवनी संयंत्रों की स्थापना से क्षेत्र के गन्ना और अनाज उत्पादक किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिलेगा, जबकि मत्स्य आहार की आधुनिक इकाई लगने से पूर्वांचल में तेजी से बढ़ रहे मत्स्य पालन व्यवसाय को सस्ता और पौष्टिक आहार स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेगा। ​GIDA की इस विकासपरक छलांग के पीछे पिछले एक दशक में मजबूत कानून व्यवस्था के आलोक में तैयार किया गया विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा और प्रशासनिक सुगमता है। प्राधिकरण ने निवेशकों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लैंड बैंक का तेजी से विस्तार किया है। धुरियापार इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के विकास ने बड़े उद्योगों के लिए भूमि की उपलब्धता को बेहद आसान बना दिया है। इसके साथ ही गीडा क्षेत्र में चौड़ी सड़कों का जाल, निर्बाध बिजली आपूर्ति, बेहतर जल निकासी प्रणाली और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था ने उद्योगपतियों के सामने मौजूद पुरानी चुनौतियों को पूरी तरह समाप्त कर दिया है। सिंगल विंडो सिस्टम यानी निवेश मित्र पोर्टल के माध्यम से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और भूमि आवंटन की प्रक्रिया बेहद पारदर्शी और त्वरित हो गई है, जिससे उद्यमियों को दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली है। GIDA के सीईओ विशाल कुमार के अनुसार​ गीडा की प्रगति की तस्वीर बेहद उत्साहजनक है। पिछले कुछ वर्षों में यहां पेप्सिको, केयान डिस्टिलरीज, ज्ञान डेयरी और तत्वा प्लास्टिक्स जैसी कई कंपनियों ने अपने अत्याधुनिक प्लांट स्थापित कर उत्पादन शुरू कर दिया है। कोका कोला की यूनिट लग रही है। प्लास्टिक पार्क और फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं भी आकार ले चुकी हैं, जो सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को आगे बढ़ने का बेहतरीन मंच प्रदान कर रही हैं। ​गोरखपुर क्षेत्र में सुदृढ़ हुई कनेक्टिविटी ने भी गीडा के आकर्षण को कई गुना बढ़ा दिया है। फोरलेन और सिक्सलेन सड़कों का नेटवर्क, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ाव, गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण ने कच्चे माल की ढुलाई और तैयार उत्पादों को देश-विदेश के बाजारों तक पहुंचाने की राह बेहद आसान कर दी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User