28 नवंबर से गोरखपुर होकर दौड़ेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस:भारत-नेपाल के बीच शुरू हुई पहली रेल सेवा
भारत और नेपाल के बीच धार्मिक, सांस्कृतिक और रेल संपर्क को मजबूत करने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। जनकपुर धाम (नेपाल) से अयोध्या कैंट के बीच चलने वाली 15595/15596 सरयू-कमला वीकली एक्सप्रेस गोरखपुर होकर गुजरेगी। नियमित संचालन के तहत ट्रेन जनकपुर धाम से प्रत्येक शनिवार को अयोध्या के लिए रवाना होगी, जबकि वापसी में प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए चलेगी। इस ट्रेन के नियमित संचालन से नेपाल के जनकपुर धाम और भारत के अयोध्या धाम के बीच सीधा रेल संपर्क उपलब्ध होगा। इससे दोनों धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं और आम यात्रियों को सुविधा मिलेगी। पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से बुधवार को इसकी समय-सारिणी जारी की गई। शनिवार को जनकपुर से चलकर रविवार सुबह पहुंचेगी अयोध्या ट्रेन नंबर 15595 जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट सरयू-कमला साप्ताहिक एक्सप्रेस 28 नवंबर से प्रत्येक शनिवार को नेपाल के जनकपुर धाम से दोपहर 1:10 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन जयनगर से भारतीय समयानुसार दोपहर 3:10 बजे और नेपाल समयानुसार 3:25 बजे गुजरेगी। इसके बाद मधुबनी से 3:50 बजे, शिशो से शाम 5:15 बजे, सीतामढ़ी से रात 7:05 बजे, रक्सौल से 9:40 बजे और नरकटियागंज से रात 11:20 बजे रवाना होगी। अगले दिन रविवार को ट्रेन सुबह 4:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से 5:22 बजे बस्ती और सुबह 6:30 बजे मनकापुर पहुंचेगी। इसके बाद अयोध्या धाम जंक्शन से सुबह 7:30 बजे रवाना होकर 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। सोमवार शाम अयोध्या से चलेगी, मंगलवार दोपहर जनकपुर पहुंचेगी वापसी में ट्रेन नंबर 15596 अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम सरयू-कमला एक्सप्रेस 30 नवंबर से प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से शाम 5:50 बजे रवाना होगी। यह अयोध्या धाम जंक्शन से शाम 6:25 बजे और मनकापुर से शाम 7:32 बजे छूटेगी। इसके बाद रात 8:40 बजे बस्ती और रात 10:23 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। गोरखपुर से रवाना होने के बाद ट्रेन अगले दिन मंगलवार को रात 2:20 बजे नरकटियागंज, 3:15 बजे रक्सौल और सुबह 4:47 बजे सीतामढ़ी पहुंचेगी। इसके बाद शिशो से सुबह 6:10 बजे, मधुबनी से 7:02 बजे और जयनगर से भारतीय समयानुसार सुबह 10:30 बजे रवाना होगी। नेपाल समयानुसार जयनगर से इसका प्रस्थान 10:45 बजे निर्धारित है। ट्रेन दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। 17 कोच की होगी ट्रेन, एसी और स्लीपर दोनों की सुविधा सरयू-कमला एक्सप्रेस में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें स्लीपर के 7, थर्ड एसी के 3, थर्ड एसी इकोनॉमी के 3 और सेकंड एसी के 2 कोच होंगे। इसके अलावा जनरेटर सह लगेज यान और एक दिव्यांगजन सुविधा वाला कोच भी लगाया जाएगा। इस ट्रेन के नियमित संचालन से गोरखपुर के रास्ते भारत और नेपाल के बीच रेल यात्रियों को एक और सीधी सुविधा मिलेगी। खासकर जनकपुर धाम और अयोध्या में धार्मिक यात्रा करने वाले लोगों के लिए यह ट्रेन महत्वपूर्ण साबित होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)