कानपुर नगर निगम टेंडर घोटाले की जांच ठंडे बस्ते में:आरोपों से घिरे मुख्य अभियंता एसएफए जैदी ने फिर संभाली कुर्सी

Nov 26, 2026 - 06:14
0
कानपुर नगर निगम टेंडर घोटाले की जांच ठंडे बस्ते में:आरोपों से घिरे मुख्य अभियंता एसएफए जैदी ने फिर संभाली कुर्सी
कानपुर नगर निगम में टेंडर घोटाले को लेकर हुई कार्रवाई अब ठंडे बस्ते में जाती दिख रही है। सीएम योगी आदित्यनाथ की सख्ती के बाद उजागर हुए इस मामले में 5 कंपनियों को ब्लैकलिस्ट करने और सरगनाओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के बाद जांच की आंच में आए मुख्य अभियंता मो. एसएफए जैदी ने भी दोबारा अपनी कुर्सी संभाल ली है। लंबे समय से बीमारी के चलते अवकाश पर चल रहे जैदी ने सोमवार को ड्यूटी ज्वॉइन की। इसके बाद बुधवार को स्मार्ट सिटी कार्यालय में बैठक भी की। खास बात यह है कि तत्कालीन मंडलायुक्त की ओर से गठित जांच समिति की रिपोर्ट में मुख्य अभियंता पर भी गंभीर आरोप लगाए गए थे। इसके बावजूद अब उनकी वापसी हो गई है। आरोपों से घिरे मुख्य अभियंता जैदी की वापसी नगर निगम में टेंडर प्रक्रिया में गड़बड़ी सामने आने के बाद तत्कालीन मंडलायुक्त के निर्देश पर 29 अगस्त को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) की निगरानी में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति ने नगर निगम में पंजीकृत फर्मों के दस्तावेज, ठेकेदारी की प्रक्रिया और अलग-अलग टेंडरों में कंपनियों की भागीदारी की पड़ताल की थी। जांच में कई फर्मों के दस्तावेजों में खामियां मिली थीं। इसकी रिपोर्ट मंडलायुक्त के साथ शासन को भी भेजी गई थी। मुख्य अभियंता को हटाने के लिए भेजे गए थे पत्र जांच रिपोर्ट में मुख्य अभियंता एसएफए जैदी की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए थे। इसके बाद से ही उन्हें पद से हटाए जाने की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। तत्कालीन मंडलायुक्त ने नगर विकास विभाग के सचिव को दो बार पत्र भेजकर जैदी के स्थानांतरण की संस्तुति की थी। पत्र में कहा गया था कि जैदी के लंबे समय से अवकाश पर रहने के कारण विकास कार्यों के संपादन में दिक्कत आ रही है। ऐसे में उनका कहीं और स्थानांतरण करते हुए उनकी जगह दूसरे मुख्य अभियंता की तैनाती की जाए। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने भी जैदी को हटाने के लिए संस्तुति की थी। पंजीकरण में नियमों की अनदेखी के लगे थे आरोप सीडीओ की निगरानी में हुई जांच में ठेकेदारों के पंजीकरण की प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप सामने आए थे। वित्तीय वर्ष 2024-25 से अब तक कराए गए कार्यों की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों की भी पड़ताल की गई थी। आरोप था कि कई फर्मों और ठेकेदारों के पास जरूरी दस्तावेज पूरे नहीं थे, इसके बावजूद उन्हें लाभ पहुंचाने के लिए पंजीकरण किया गया। फर्मों के अभिलेखों का समुचित परीक्षण और भौतिक सत्यापन किए बिना ही उन्हें अलग-अलग कार्य आवंटित कराने के आरोप भी लगे थे। जबकि फर्मों के पंजीकरण और उनके कार्यों की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी मुख्य अभियंता की होती है। इन आरोपों के बीच जैदी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के चलते अवकाश पर रहे। अब उन्होंने दोबारा कार्यभार संभाल लिया है। नगर आयुक्त कार्यालय ने भी उनके ज्वॉइन करने की पुष्टि की है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User