आज 11 जिलों में चुनावी तैयारियां परखेगी ECI की टीम:गोरखपुर पहुंची टीम; 3 कमिश्नर, 11 DM, पुलिस कप्तान मौजूद रहेंगे
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) की टीम दो दिवसीय दौरे पर गोरखपुर पहुंची है। टीम 26 और 27 नवंबर को प्रदेश के पांच मंडलों के 17 जिलों में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेगी। पहले दिन गुरुवार, 26 नवंबर को तीन मंडलों के 11 जिलों की समीक्षा होगी। इसके लिए रामगढ़ताल के किनारे स्थित होटल कोर्टयार्ड बाय मैरिएट में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में तीन मंडलों के कमिश्नर, एक पुलिस कमिश्नर, तीन डीआईजी, 11 जिलों के डीएम और पुलिस कप्तान शामिल होंगे। समीक्षा बैठक का नेतृत्व ECI के वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग करेंगे। दूसरे दिन, 27 नवंबर को दो मंडलों के छह जिलों की समीक्षा की जाएगी। दोनों दिन उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा भी बैठक में मौजूद रहेंगे। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर आयोग प्रदेश में तैयारियों का जायजा ले रहा है। इसका उद्देश्य चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना है। बैठक में संबंधित जिलों के अधिकारी चुनावी तैयारियों की जानकारी देंगे। वे निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं और प्रस्तावित कार्ययोजना पर प्रस्तुति देंगे। इसके लिए पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन का इस्तेमाल किया जाएगा। भारत निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रस्तुतियों के आधार पर निर्वाचन तैयारियों की प्रगति एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जा सकें।
जानिए किस दिन किस जिले की होगी समीक्षा 26 नवम्बर (गुरुवार) को गोरखपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में गोरखपुर, वाराणसी एवं बस्ती मंडलों के अंतर्गत आने वाले 11 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इनमें गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, वाराणसी, जौनपुर, चंदौली, गाजीपुर, बस्ती, संतकबीर नगर एवं सिद्धार्थनगर जनपद शामिल हैं। इसी प्रकार 27 नवम्बर, 2026 (शुक्रवार) को आजमगढ़ एवं विंध्याचल मण्डलों के अंतर्गत आने वाले 06 जनपदों की निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। इनमें आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, भदोही एवं सोनभद्र जनपद शामिल हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)