सर्दियों में निमोनिया का खतरा बढ़ा, लापरवाही पड़ेगी भारी:KGMU के डॉ.सूर्यकांत ने किया अलर्ट, 7 दिन में सुधार न हो तो कराएं टीबी की जांच
सर्दियों में निमोनिया का खतरा बढ़ जाता है। नवंबर से फरवरी के बीच सांस से जुड़ी बीमारियों के मामले बढ़ते हैं। ऐसे में लगातार खांसी, बुखार और सांस लेने में परेशानी को सामान्य सर्दी-जुकाम समझकर नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है। KGMU के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के अध्यक्ष डॉ. सूर्यकांत ने गुरुवार को विश्व निमोनिया दिवस पर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि निमोनिया फेफड़ों का संक्रमण है। इसमें फेफड़ों की छोटी-छोटी हवा की थैलियों में तरल भर जाता है। इससे सांस लेने में परेशानी होती है और शरीर को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती। समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा भी हो सकता है। खांसी, बुखार और सांस फूलना प्रमुख लक्षण डॉ. सूर्यकांत के मुताबिक लगातार खांसी, बुखार, पीला या हरा बलगम, ठंड लगना, सीने में दर्द और सांस फूलना निमोनिया के प्रमुख लक्षण हैं। इसकी जांच के लिए चेस्ट एक्सरे, ब्लड टेस्ट और ऑक्सीजन लेवल की जांच की जाती है। कुछ मामलों में सीटी स्कैन की भी जरूरत पड़ सकती है। उन्होंने बताया कि सांस बहुत तेज चलना, ऑक्सीजन लेवल कम होना, बेहोशी या असामान्य सुस्ती और होंठ या उंगलियां नीली पड़ना खतरे के संकेत हैं। ऐसी स्थिति में तुरंत अस्पताल पहुंचना चाहिए। मरीज को ऑक्सीजन या वेंटिलेटर सपोर्ट की जरूरत पड़ सकती है। 5 से 7 दिन में आराम न मिले तो टीबी की जांच कराएं डॉ. सूर्यकांत ने बताया कि कई बार टीबी के लक्षण निमोनिया जैसे होते हैं। दोनों में खांसी, बुखार, बलगम और सीने में दर्द की शिकायत हो सकती है। एक्सरे में भी दोनों के लक्षण मिलते-जुलते दिख सकते हैं। ऐसे में कुछ मरीजों को बार-बार एंटीबायोटिक दी जाती है, जबकि उन्हें टीबी होती है। निमोनिया का सही इलाज लेने के बाद भी 5 से 7 दिन में सुधार न हो तो बीमारी की दोबारा जांच जरूरी है। दो हफ्ते से ज्यादा खांसी, वजन घटना, रात में पसीना आना, भूख कम लगना और बलगम में खून आना टीबी के संकेत हो सकते हैं। ऐसे मरीजों को नजदीकी सरकारी अस्पताल या टीबी सेंटर में जांच करानी चाहिए। बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा खतरा पांच साल से कम उम्र के बच्चों, 65 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और डायबिटीज, हार्ट व किडनी की बीमारी से पीड़ित लोगों में निमोनिया का खतरा ज्यादा रहता है। इसके अलावा अस्थमा, COPD, कैंसर और कमजोर इम्युनिटी वाले लोगों को भी सावधानी बरतनी चाहिए। वैक्सीन लगवाएं, बिना सलाह एंटीबायोटिक न लें निमोनिया से बचाव के लिए घर में साफ-सफाई और हवा आने-जाने की व्यवस्था रखें। धूम्रपान और दूसरे के धुएं से बचें। हाथ धोने और खांसते-छींकते समय मुंह ढकने की आदत डालें। जरूरत के अनुसार फ्लू और न्यूमोकोकल वैक्सीन लगवाएं। बच्चों का टीकाकरण भी समय पर कराएं। डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक न लें। उन्होंने कहा कि दिवाली के बाद पटाखों का धुआं, धूल और प्रदूषण सांस की नलियों में जलन बढ़ा सकते हैं। इससे पहले से फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से बचें। कार्यक्रम में प्रो.संतोष कुमार, डॉ.अंकित कुमार, रेजिडेंट डॉक्टर, विभागीय कर्मचारी, मरीज और उनके तीमारदार मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)