सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी का आरोपी गिरफ्तार:कानपुर देहात में फर्जी आधार कार्ड और नियुक्ति पत्र बनाकर लाखों ठगा था

Oct 24, 2026 - 18:45
0
सरकारी नौकरी के नाम पर ठगी का आरोपी गिरफ्तार:कानपुर देहात में फर्जी आधार कार्ड और नियुक्ति पत्र बनाकर लाखों ठगा था
कानपुर देहात में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया आरोप है कि गिरोह फर्जी नियुक्ति पत्र, आदेश और नोटिस तैयार कर लोगों को सरकारी नौकरी का झांसा देता था। इतना ही नहीं, आरोपी ने खुद को उत्तर प्रदेश सचिवालय का डिप्टी डायरेक्टर बताकर भी लोगों को गुमराह किया। मामला अकबरपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने 24 अक्टूबर को आरोपी अभिषेक शर्मा को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से लखीमपुर खीरी जिले के निघासन क्षेत्र का रहने वाला है और फिलहाल अकबरपुर की नई बस्ती में किराये के मकान में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। इन दस्तावेजों पर अलग-अलग मोहरें लगाकर लोगों को स्पीड पोस्ट और व्यक्तिगत रूप से नियुक्ति पत्र व अन्य कागजात दिए जाते थे। आरोपी के बयान के अनुसार, नौकरी दिलाने के नाम पर प्रत्येक व्यक्ति से करीब चार लाख रुपये तक लिए जाते थे। ठगी के इस खेल में फर्जी आधार कार्ड का भी इस्तेमाल किया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके साथी लोगों से पैसा इकट्ठा करते थे और फिर रकम के लेन-देन के जरिए ठगी को अंजाम दिया जाता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से संबंधित दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले में उसके अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अकबरपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेजने की कार्रवाई की गई। सरकारी नौकरी पाने की उम्मीद में लोग अपनी मेहनत की कमाई ऐसे ठगों के हवाले कर देते हैं। ऐसे में सवाल है कि फर्जी नियुक्ति पत्रों के जरिए चल रहे इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है और कितने लोगों को ठगी का शिकार बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User