PET देने अलीगढ़ आया कानपुर देहात का युवक लापता:आखिरी बार पिता से हुई थी बात; फोन उठाने वाले ने बताया-उल्टी कर रहा है, FIR
PET की परीक्षा देने अलीगढ़ आया कानपुर देहात का 33 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। युवक की आखिरी बार शाम को अपने पिता से बात हुई थी। दो घंटे बाद पिता ने फोन मिलाया तो किसी अनजान व्यक्ति ने कॉल रिसीव की। उसने बताया कि युवक उल्टी कर रहा है और उसके पास पैसे भी नहीं हैं। इसके बाद से युवक का मोबाइल और उससे संपर्क दोनों बंद हो गए। लापता युवक आदित्य कुमार (33) कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के उदनापुर गांव का रहने वाला है। वह 1 नवंबर को PET की परीक्षा देने अलीगढ़ आया था। उसका परीक्षा केंद्र हीरालाल बारह सैनी इंटर कॉलेज, आंचलताल जीटी रोड पर था। पिता प्रवल कुमार के मुताबिक, 1 नवंबर को शाम 6:05 बजे उनकी बेटे से आखिरी बार बात हुई थी। उस समय सबकुछ सामान्य था। रात 8:20 बजे उन्होंने दोबारा फोन किया तो किसी अज्ञात व्यक्ति ने कॉल उठाई। उसने बताया कि आदित्य को उल्टी हो रही है और उसके पास पैसे नहीं हैं। इसके बाद आदित्य से कोई संपर्क नहीं हो सका। पिता ने अलीगढ़ में संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। उन्हें आशंका है कि किसी ने उनके बेटे को बंधक बनाकर कहीं छिपा लिया है। पिता की लिखित शिकायत पर गांधी पार्क पुलिस ने मंगलवार को FIR दर्ज की है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ BNS की धारा 140(3) में मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह को सौंपी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)