हथकड़ी समेत फरार आरोपी तीन दिन बाद गिरफ्तार:कचहरी के पास पुलिस ने पकड़ा, आरी से हथकड़ी काटकर खेत में छिपाई थी

Nov 04, 2026 - 19:44
0
हथकड़ी समेत फरार आरोपी तीन दिन बाद गिरफ्तार:कचहरी के पास पुलिस ने पकड़ा, आरी से हथकड़ी काटकर खेत में छिपाई थी
बांदा के बिसंडा थाने से हथकड़ी समेत फरार अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी मलखान तीन दिन बाद बुधवार को पकड़ा गया। पुलिस के मुताबिक, वह न्यायालय में आत्मसमर्पण करने जा रहा था। इसी दौरान कचहरी के पास उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मलखान बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे एसपी कार्यालय भी पहुंचा था। पूछताछ में मलखान ने बताया कि उसने आरी से हथकड़ी काटकर बरगहनी गांव के खेत में छिपा दी थी। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हथकड़ी बरामद कर ली। एएसपी शिवराज ने बताया कि आरोपी बरगहनी गांव के जंगलों और खेतों में छिपा हुआ था। बुधवार शाम 6:46 बजे पुलिस मीडिया सेल ने उसकी गिरफ्तारी की जानकारी दी। मामला बिसंडा कस्बे के एक मोहल्ले की किशोरी के अपहरण और दुष्कर्म से जुड़ा है। महोखर गांव निवासी मलखान ने 8 अप्रैल को किशोरी का अपहरण किया था। जांच के दौरान पुलिस ने उसके खिलाफ पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराएं भी जोड़ी थीं। शनिवार को पुलिस ने महोखर गांव से मलखान और किशोरी को पकड़ा था। दोनों को थाने लाया गया। रविवार को किशोरी के बयान दर्ज कराने और मेडिकल जांच की प्रक्रिया होनी थी। इससे पहले रविवार तड़के करीब 4 बजे मलखान हथकड़ी समेत थाने से फरार हो गया। उसकी तलाश के लिए एसओजी समेत पांच टीमें लगाई गई थीं। पुलिस महोखर और आसपास के गांवों, जंगलों, खेतों और संभावित ठिकानों पर उसकी तलाश कर रही थी। दूसरे जिलों में भी उसकी खोजबीन की गई। बुधवार को मलखान की गिरफ्तारी के बाद तलाशी अभियान समाप्त हो गया। हथकड़ी समेत आरोपी के थाने से फरार होने के मामले में एसपी पलाश बंसल ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी सर्वेश यादव को लाइन हाजिर कर दिया था। साथ ही विभागीय जांच के आदेश दिए थे। अन्य जिम्मेदार पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच नरैनी सीओ प्रवीण कुमार यादव को सौंपी गई है। सीओ ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इसमें जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User