SSP आफिस के सामने स्टूडेंट से 10 हजार की ठगी:हरिद्वार से लिफ्ट लेकर मेरठ आया, कार में स्टूडेंट को बैठाकर फिर हो गया गायब
मेरठ में खाकी वर्दी पहनकर घूम रहे एक कथित दरोगा ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 10 हजार रुपये ठग लिए। हैरानी की बात यह है कि ठगी की यह घटना SSP कार्यालय के ठीक सामने हुई। कथित दरोगा युवक को कार में बैठाकर SSP कार्यालय के अंदर जाने की बात कहकर निकला और फिर वापस नहीं लौटा। करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बाद युवक खुद कार्यालय पहुंचा और अधिकारियों को पूरी घटना बताकर अपने रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई। अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। फरीदाबाद के सारन थाना क्षेत्र निवासी कृष्णा ठाकुर हरिद्वार में रहकर पढ़ाई कर रहा है। बुधवार को वह अपनी वैगनआर कार से मेरठ आ रहा था। रास्ते में एक वर्दीधारी व्यक्ति ने उससे लिफ्ट मांगी। मेरठ आने की वजह से कृष्णा ने उसे भी कार में बैठा लिया। बातचीत के दौरान वर्दीधारी ने अपना नाम राज सिंह बताया और दावा किया कि उसकी मेरठ में ही दरोगा के पद पर तैनाती है। बातों में उलझाकर नौकरी का दिया भरोसा
कृष्णा के मुताबिक, रास्ते में दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई तो कथित दरोगा ने उसे अपने विभाग में नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। उसने इस तरह आत्मविश्वास के साथ नौकरी और विभाग की बातें कीं कि कृष्णा को उस पर शक नहीं हुआ। धीरे-धीरे वह उसकी बातों में आ गया। मेरठ पहुंचने पर कथित दरोगा ने उसे रास्ता समझाने के बहाने एसएसपी कार्यालय के सामने पहुंचा दिया और कार एक तरफ खड़ी करा दी। 10 हजार मिलते ही कार से उतरकर हुआ गायब
आरोप है कि SSP कार्यालय के सामने कार में बैठे-बैठे ही कथित दरोगा ने कृष्णा से कहा कि अगर वह फिलहाल 10 हजार रुपये की व्यवस्था कर दे तो उसकी नौकरी लगवा देगा। नौकरी लगने के बाद बाकी रकम देने की बात कही। कृष्णा ने अपने दोस्तों से ऑनलाइन रुपये की व्यवस्था की और बताए गए खाते में 10 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलते ही कथित दरोगा ने कृष्णा से कार में ही इंतजार करने को कहा और SSP कार्यालय के अंदर चला गया। युवक को लगा कि वह नौकरी के संबंध में किसी अधिकारी से बात करने गया है। लेकिन काफी देर तक उसके वापस नहीं आने पर कृष्णा को चिंता होने लगी। एक घंटे तक तलाशता रहा, नहीं मिला कोई सुराग
करीब एक घंटे तक इंतजार करने के बाद भी जब कथित दरोगा वापस नहीं लौटा तो कृष्णा कार खड़ी करके खुद एसएसपी कार्यालय पहुंचा। उसने अंदर जाकर राज सिंह नाम के दरोगा के बारे में जानकारी की और उसे तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद उसने अधिकारियों को पूरे मामले से अवगत कराया और ठगी के 10 हजार रुपये वापस दिलाने की मांग की। आरोपी बोला- फिलहाल 10 हजार की व्यवस्था करो
कृष्णा का कहना है कि कथित दरोगा ने उससे स्पष्ट कहा था कि अभी केवल 10 हजार रुपये दे दो, नौकरी लगने के बाद बाकी रकम ले लूंगा। इसी भरोसे में उसने दोस्तों से पैसे लेकर ऑनलाइन ट्रांसफर किए थे। युवक ने अधिकारियों से आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई और रकम वापस दिलाने की मांग की है। फिलहाल अधिकारियों ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पीड़ित को अब कार्रवाई और न्याय का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)