सीएम योगी की फोटो के नीचे स्वागतकर्ता का नाम लिखा:मंत्री की तस्वीर के नीचे बीईओ का नाम, BDO बोले- गलतियां हो जाती हैं
सोनभद्र के बभनी में ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता एवं शैक्षिक-सांस्कृतिक समारोह के दौरान लगा एक बैनर चर्चा का विषय बन गया। बैनर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर के नीचे ‘स्वागतकर्ता’ लिखा गया था, जबकि बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह की तस्वीर के नीचे ‘निवेदक’ के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार का नाम अंकित था। इतना ही नहीं, बैनर पर ‘सांस्कृतिक’ शब्द की जगह ‘संस्कुतिक’ लिखा गया था। शिक्षा विभाग के कार्यक्रम में इस तरह की गलतियों को लेकर विभागीय तैयारियों और निगरानी पर सवाल उठने लगे। पांच न्याय पंचायतों के बच्चों ने लिया हिस्सा कार्यक्रम का आयोजन दक्षिणांचल ग्रामोदय इंटरमीडिएट कॉलेज के खेल मैदान में किया गया। मुख्य अतिथि खंड विकास अधिकारी रूपेश कुमार मंडल ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इसमें बभनी ब्लॉक की पांच न्याय पंचायतों- बभनी, बरवाटोला, करकच्छी, चैनपुर और कोरची के सैकड़ों बच्चों ने विभिन्न खेल और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। मशाल दौड़ और पीटी प्रदर्शन में दिखाया दम प्रतियोगिता के दौरान कुमारी ममता ने मशाल दौड़ में हिस्सा लिया। वहीं, पीटी प्रदर्शन में बरवाटोला न्याय पंचायत के आठ वर्षीय छात्र ने कैप्टन की भूमिका निभाते हुए शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों ने खेल प्रतिभा के साथ अनुशासन का भी परिचय दिया। इस दौरान बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत व्यायाम एवं खेलकूद शिक्षकों को कैप, सीटी और ट्रैक सूट देकर सम्मानित किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी बोले- गलतियां हो जाती हैं बैनर पर हुई चूक के संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि कुछ गलतियां हो जाती हैं। उन्हें नजरअंदाज कर कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग करना चाहिए। जानकारी मिलने के बाद तत्काल बैनर हटवा दिया गया था। वहीं, खंड विकास अधिकारी रूपेश कुमार मंडल ने बताया कि वह मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए थे। उनका ध्यान बैनर पर नहीं गया। यह बच्चों का कार्यक्रम है और सभी को उनका उत्साहवर्धन करना चाहिए। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधानाचार्य एसके पांडेय, मोहम्मद आरिफ समेत शिक्षक और अन्य अतिथि मौजूद रहे। बच्चों के उत्साह और प्रदर्शन के बीच बैनर पर हुई इस लापरवाही ने आयोजन की तैयारियों और विभागीय निगरानी को लेकर चर्चा छेड़ दी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)