थाने के सामने ग्राहक CSC से 2 लाख रुपए चोरी:शटर का ताला तोड़कर चोरों ने की वारदात, घटना CCTV में कैद
देवरिया के बघौचघाट थाना क्षेत्र में चोरों ने थाने के ठीक सामने स्थित ग्राहक सेवा केंद्र को निशाना बनाया। रविवार की देर रात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर काउंटर में रखे दो लाख रुपये नकद चुरा लिए। सोमवार सुबह 11 बजे दुकान खोलने पहुंचे संचालक को शटर टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो काउंटर खुला था और उसमें रखे रुपए गायब थे। थाने के सामने चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है।
बघौचघाट थाना क्षेत्र के शेख सेमरी गांव निवासी पवन कुमार गुप्ता बघौचघाट थाने के ठीक सामने पवन इंटरप्राइजेज के नाम से ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। रोज की तरह रविवार देर शाम वह दुकान बंद कर अपने गांव चले गए। इसी दौरान रात में चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़ दिया और अंदर घुस गए। चोरों ने काउंटर में रखे दो लाख रुपये निकाल लिए और मौके से फरार हो गए।
सोमवार सुबह पवन कुमार गुप्ता दुकान पहुंचे तो शटर का ताला टूटा देखकर दंग रह गए। अंदर जाकर देखा तो काउंटर खुला हुआ था और उसमें रखे दो लाख रुपये गायब थे। इसके बाद उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही बघौचघाट पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का निरीक्षण कर पीड़ित से घटना के संबंध में जानकारी ली।
थाने के सामने चोरी से उठे सवाल
थाने के ठीक सामने ग्राहक सेवा केंद्र में चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जब थाने के सामने स्थित दुकान सुरक्षित नहीं है तो अन्य क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का अंदाजा लगाया जा सकता है। लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
CCTV में कैमरे में कैद हुई चोरी की वारदात चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक चोर दुकान के अंदर घुसता दिखाई दे रहा है। उसने पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने में जुटी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)