उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन:मुरादाबाद में व्रत पूरा कर व्रतियों ने किया पारण, घाटों पर गूंजे छठी मैया के गीत
मुरादाबाद में सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय छठ पर्व का समापन हो गया। भोर से पहले ही महिलाएं और पुरुष पूजा की थाली और प्रसाद लेकर घाटों पर पहुंचने लगे थे। सूर्योदय के समय घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी और व्रतियों ने पानी में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। अर्घ्य देने के बाद व्रतियों ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। इसके साथ ही 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा कर पारण किया। घाटों से लेकर घरों तक छठी मैया के पारंपरिक गीतों और पर्व की खुशियों का माहौल रहा। सूर्य की लालिमा दिखते ही दिया अर्घ्य छठ पर्व के अंतिम दिन सुबह होने से पहले ही श्रद्धालु घाटों पर पहुंचने लगे थे। व्रती पानी में खड़े होकर सूर्य के उदय होने का इंतजार करते रहे। सूर्य की लालिमा दिखाई देने पर उन्होंने अर्घ्य देकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने संतान की उन्नति और परिवार में सुख-शांति की कामना की। पूजा के बाद लोगों ने एक-दूसरे को छठ पर्व की शुभकामनाएं भी दीं। नए गुड़ की चाय से किया पारण चार दिनों की पूजा और 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा होने के बाद व्रतियों ने पारण कर व्रत खोला। घरों में आमतौर पर नए गुड़ की चाय पीकर पारण किया गया। इसके बाद छठी मैया को चढ़ाया गया ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों में बांटा गया। घरों में भी सुबह से उत्साह का माहौल रहा। व्रत पूरा होने पर परिवार के लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और छठी मैया से सुख-समृद्धि की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)