वाराणसी में छठ-महापर्व पर सिगरा फल-मंडी में महंगाई की मार:ग्राहकों ने घटाया खरीदारी का बजट; दुकानदारों के माथे पर चिंता की लकीरें, बोले- एक चौथाई माल डंप

Nov 15, 2026 - 12:53
0
वाराणसी में छठ-महापर्व पर सिगरा फल-मंडी में महंगाई की मार:ग्राहकों ने घटाया खरीदारी का बजट; दुकानदारों के माथे पर चिंता की लकीरें, बोले- एक चौथाई माल डंप
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की रौनक के बीच इस बार काशी की फल मंडियों में महंगाई का असर साफ देखने को मिल रहा है। छठ के सूप और दउरा में सजाए जाने वाले मौसमी और पारंपरिक फलों की कीमतों में भारी उछाल आया है। बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों की जेब के साथ-साथ मंडी के कारोबार पर भी पड़ा है। ग्राहकों की संख्या तो रही, लेकिन खरीदारी में आई कमी शहर के प्रमुख बाजारों में शुमार सिगरा स्टेडियम के पास स्थित फल मंडी में इस बार त्योहार के बावजूद व्यापारियों के चेहरे मुरझाए हुए हैं। मंडी के फल विक्रेता दिलीप ने बाजार का हाल बयां करते हुए बताया कि पर्व को लेकर मंडी में ग्राहक तो पहुंचे, लेकिन महंगाई के कारण लोगों ने बहुत सीमित मात्रा में ही सामान खरीदा। जहां पहले लोग किलो के हिसाब से फल खरीदते थे, वहीं इस बार वे केवल पूजा की औपचारिकता पूरी करने भर के लिए ही खरीदारी कर रहे हैं। लागत निकलना भी मुश्किल, एक चौथाई माल अब भी डंप दिलीप ने अपनी चिंता जाहिर करते हुए कहा कि छठ महापर्व के लिए उन्होंने बड़ी उम्मीदों के साथ भारी मात्रा में फलों का स्टॉक मंगाया था। लेकिन अब तक लाए हुए कुल माल का केवल तीन हिस्सा ही बिक पाया है और करीब एक चौथाई फल अब भी दुकान में पड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि आज महापर्व का मुख्य दिन है, ऐसे में आगे क्या होगा यह भगवान ही मालिक है। मौजूदा हालात को देखते हुए दुकानदारों को इस बार मुनाफे की कोई उम्मीद नहीं दिख रही है, बल्कि अपनी पूंजी और लागत निकल जाने की ही चिंता सता रही है। सिगरा मंडी में फलों के ताजा भाव (प्रति किलो/पीस) महापर्व के मौके पर सिगरा फल मंडी में प्रमुख फलों के रेट कुछ इस प्रकार रहे - • अंगूर: 300 से 320 रुपए प्रति किलो • अनार: 180 से 250 रुपए प्रति किलो • सेब: 100 से 120 रुपए प्रति किलो • अमरूद: 100 से 120 रुपए प्रति किलो • संतरा: 100 से 120 रुपए प्रति किलो • केला: 50 से 60 रुपए प्रति दर्जन • सिंघाड़ा: 40 रुपए प्रति किलो • आंवला: 40 से 50 रुपए प्रति किलो • अनन्नास: 50 से 60 रुपए प्रति पीस • नारियल: 40 से 50 रुपए प्रति पीस • शकरकंद: 40 से 50 रुपए प्रति पीस • कैथ: 20 रुपए प्रति पीस • अमरस: 10 रुपए प्रति पीस महंगाई की इस मार ने जहां व्रतियों और श्रद्धालुओं का बजट बिगाड़ा है, वहीं त्योहारी सीजन में अच्छे मुनाफे की आस लगाए बैठे छोटे और मझोले फल व्यापारियों को भी निराश किया है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User