श्रद्धालुओं के दान में पारदर्शिता लाएगा श्रीकृष्ण-जन्मस्थान:धातु की शुद्धता परखने के लिए शुरू हुआ अत्याधुनिक मशीन से परीक्षण, दानदाता को मिलेगी जाँच रिपोर्ट

Oct 31, 2026 - 05:56
0
श्रद्धालुओं के दान में पारदर्शिता लाएगा श्रीकृष्ण-जन्मस्थान:धातु की शुद्धता परखने के लिए शुरू हुआ अत्याधुनिक मशीन से परीक्षण, दानदाता को मिलेगी जाँच रिपोर्ट
भगवान श्रीकृष्ण के श्रीचरणों में श्रद्धापूर्वक अर्पित की जाने वाली प्रत्येक भेंट का अपना धार्मिक और भावनात्मक महत्व है। श्रद्धालु जिस विश्वास के साथ अपनी सामर्थ्य के अनुसार धातु एवं अन्य सामग्री दान करते हैं, उस विश्वास की मर्यादा बनाए रखना भी मंदिर प्रबंधन का दायित्व है। इसी भावना को व्यवहार में उतारते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा-संस्थान ने दान में प्राप्त होने वाली धातु सामग्री की शुद्धता की वैज्ञानिक जाँच की नई व्यवस्था प्रारंभ की है। मौके पर ही होगी जांच श्रीकृष्ण जन्मस्थान परिसर में अत्याधुनिक कम्प्यूटराइज्ड थातु परीक्षण मशीन का शुभारंभ किया गया। ट्रस्टी श्यामसुंदर चौधरी, सचिव कपिल शर्मा एवं गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी की उपस्थिति में प्रारंभ हुई इस व्यवस्था के अंतर्गत अब श्रद्धालुओं द्वारा दान में अर्पित की जाने वाली धातु की मौके पर ही जाँच संभव होगी। परीक्षण के माध्यम से धातु की शुद्धता तथा उसमें सम्मिलित विभिन्न धातुओं की मात्रा का विवरण प्राप्त किया जा सकेगा। दान दाता को दी जाएगी रसीद श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य दान प्रक्रिया को अधिक विश्वसनीय, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है। अब श्रद्धालु के सामने ही दान में प्राप्त धातु का परीक्षण किया जाएगा। परीक्षण के परिणाम के आधार पर दान स्वीकार कर रसीद जारी की जाएगी तथा जाँच रिपोर्ट की एक प्रति दानदाता को भी उपलब्ध कराई जाएगी। इस रिपोर्ट पर दानदाता के हस्ताक्षर और मोबाइल नंबर अंकित होंगे। दूसरी प्रति संस्थान के रिकार्ड में सुरक्षित रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से दानदाता को केवल अपनी भेंट की रसीद ही नहीं, बल्कि उसकी वास्तविक गुणवत्ता का प्रमाण भी प्राप्त होगा। बाजार से धातु सामग्री खरीदकर भगवान को अर्पित करने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह विशेष रूप से उपयोगी होगा। यदि खरीदी गई सामग्री की शुद्धता और विक्रेता द्वारा बताई गई गुणवत्ता में कोई अंतर है, तो परीक्षण के माध्यम से उसकी जानकारी तत्काल मिल सकेगी। बिना काटे, तोड़े करेगी मशीन जांच इस मशीन की एक विशेष उपयोगिता यह भी है कि थातु सामग्री को काटने, तोड़ने अथवा उसका स्वरूप बदलने की आवश्यकता नहीं होगी। सामग्री अपने मूल स्वरूप में ही परीक्षण के लिए उपयुक्त होगी। इससे श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धापूर्वक अर्पित की गई वस्तु की अखंडता बनी रहेगी और उसकी शुद्धता की वैज्ञानिक पुष्टि भी हो सकेगी। धातु के संरक्षण और रखरखाव में मिलेगी सुविधा कपिल शर्मा ने बताया कि दान में प्राप्त धातु की वास्तविक संरचना का पता रहने से उसके संरक्षण और रखरखाव में भी सुविधा होगी। संस्थान के पास यह स्पष्ट विवरण उपलब्ध रहेगा कि किसी सामग्री में कौन-कौन सी धातुएँ हैं और उनकी मात्रा कितनी है। इससे भविष्य में सामग्री के वर्गीकरण, सुरक्षित भंडारण एवं उपयोग की प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित बनाई जा सकेगी। कपिल शर्मा ने कहा कि धार्मिक संस्थानों में दान केवल आर्थिक अथवा भौतिक सामग्री का आदान-प्रदान नहीं है, बल्कि यह श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय है। इसलिए दान में प्राप्त प्रत्येक सामग्री की शुद्धता, मात्रा और गुणवत्ता का प्रमाणिक विवरण उपलब्ध होना आवश्यक है। श्रीकृष्ण-जन्मस्थान सेवा-संस्थान का प्रयास है कि श्रद्धालुओं के इस विश्वास को आधुनिक तकनीक और बेहतर प्रशासनिक व्यवस्थाओं के माध्यम से और अधिक मजबूत बनाया जाए। परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर दर्ज होगा रिकॉर्ड प्रबंध समिति के सदस्य गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर स्थापित इस व्यवस्था का लाभ केवल सीधे काउंटर पर प्राप्त होने वाले दान तक सीमित नहीं रहेगा। हुण्डी एवं दान पेटिकाओं से प्राप्त थातु सामग्री का परीक्षण भी दान गणना कक्ष में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा। यह कार्य सीसीटीवी निगरानी में तथा संस्थान के निर्धारित नियमों के अनुरूप संपन्न होगा। परीक्षण रिपोर्ट के आधार पर सामग्री का विवरण संबंधित अभिलेखों में दर्ज किया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User