यमुना एक्सप्रेसवे पर दो बसें कैंटर से टकराईं:मथुरा में 30 से 35 यात्री घायल; कांच से भरा कैंटर पलटा

Oct 29, 2026 - 10:27
0
यमुना एक्सप्रेसवे पर दो बसें कैंटर से टकराईं:मथुरा में 30 से 35 यात्री घायल; कांच से भरा कैंटर पलटा
मथुरा में मांट थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर गुरुवार तड़के करीब 3:15 बजे माइलस्टोन 101 के पास दो बसों और कांच से भरे कैंटर के बीच भीषण भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहनों के परखच्चे उड़ गए और कांच से भरा कैंटर सड़क पर पलट गया। हादसे में 30 से 35 लोगों के घायल होने की सूचना है। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मांट थाना प्रभारी उमेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, मांट फायर स्टेशन प्रभारी किशन लाल भी दमकल टीम और फायर टेंडर के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस और दमकल टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल किसी की मृत्यु होने की सूचना नहीं है। पुलिस के अनुसार, कांच से भरा आयशर कैंटर नोएडा से आगरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही विश्वनाथ ट्रैवल्स की बस ने ओवरटेक करते समय कैंटर में टक्कर मार दी। इसके बाद पीछे से आ रही ट्रैवल प्वाइंट की दूसरी बस भी कैंटर से टकरा गई। लगातार हुई टक्करों के कारण कैंटर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और बसों में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी फैल गई। पुलिस और दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में सहयोग किया। घायलों में फिरोजाबाद के कश्मीरी गेट निवासी चांदनी पत्नी मेराज, आमिर पुत्र अफसर, वसीम पुत्र सलीम और अजर बानो पत्नी साबिर सिद्दीकी शामिल हैं। इनके अलावा आजाद सहित अन्य यात्री भी घायल बताए गए हैं। घायलों को जेपी एंबुलेंस और सरकारी एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया गया। सभी का उपचार कराया जा रहा है। मांट थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से एक्सप्रेसवे से हटवा दिया गया है। यातायात सुचारू करा दिया गया है और घायलों का उपचार कराया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User