यूपी में SIR के बाद 18.84 लाख मतदाता बढ़े:ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी, महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा इजाफा
यूपी में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार 113 का इजाफा हुआ है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों की ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन आज यानी 17 नवंबर को किया जा रहा है। रिणवा के मुताबिक, SIR के बाद मतदाता सूची में 7 लाख 87 हजार 449 पुरुष और 10 लाख 96 हजार 828 महिला मतदाताओं के नाम बढ़े हैं। 75 जिलों में राजनीतिक दलों के साथ होगी बैठक ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद सभी जिला निर्वाचन अधिकारी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। उन्हें मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी और पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। आम लोग भी अपने जिले के निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर मतदाता सूची देख सकेंगे। 20 नवंबर तक BLO करेंगे मतदाता सूची की जांच प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। BLO 17 से 20 नवंबर तक टेबल टॉप एक्सरसाइज के जरिए सूची में गलतियों की पहचान करेंगे और नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से हर मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का मकसद मतदाता सूची को अपडेट करना, गलतियां दूर करना और सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)