योगी के गढ़ में PDA रथ लेकर उतरेंगे अखिलेश:18 नवंबर को गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरी चौरा तक रथ से जाएंगे
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव 18 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जिले गोरखपुर में PDA रथ लेकर पहुंचेंगे। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा ने अपने राजनीतिक अभियान को गति देना शुरू कर दिया है। इस बार पार्टी का फोकस पूर्वांचल में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने पर है। ऐसे में मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में अखिलेश का PDA रथ लेकर पहुंचना सियासी तौर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अखिलेश यादव सुबह 11 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान से गोरखपुर के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:45 बजे उनके गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां से दोपहर 12 बजे वह समाजवादी पार्टी के PDA रथ पर सवार होकर चौरीचौरा क्षेत्र के ग्राम देवकही के लिए रवाना होंगे। करीब 20 किलोमीटर के रास्ते में जगह-जगह पार्टी कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। दोपहर करीब दो बजे उनके देवकही पहुंचने का कार्यक्रम है। शहीद बंधू सिंह की प्रतिमा का करेंगे अनावरण देवकही में अखिलेश यादव महान क्रांतिकारी और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद वह स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। बिन्नू सिंह गोरखपुर विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व महामंत्री रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन उनके छोटे भाई अजय कुमार सिंह टप्पू की ओर से किया जा रहा है। इसके बाद अखिलेश जनसभा को संबोधित करेंगे। दोपहर 3:30 बजे वह कार से गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। शाम करीब चार बजे एयरपोर्ट पहुंचने और 4:15 बजे लखनऊ के लिए उड़ान भरने का कार्यक्रम है। 50 हजार से एक लाख तक भीड़ जुटाने का दावा कार्यक्रम को लेकर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां तेज कर दी हैं। आयोजन को बड़ा रूप देने के लिए गांव-गांव संपर्क किया जा रहा है। पार्टी नेताओं ने बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद जताई है। तैयारियों की निगरानी के लिए पूर्व विधायक विजय बहादुर यादव और वरिष्ठ नेता जफर अमीन डक्कू को जिम्मेदारी दी गई है। स्थानीय नेताओं की टीमें कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं में जुटी हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)