युवती के अपहरण मामले में महापंचायत:आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, 10 सदस्यीय कमेटी बनी, सीओ बोले- मेडिकल के बाद होगी कार्रवाई
कैराना के ऊंचा गांव में युवती की बरामदगी के बाद भी अपहरण और कथित धर्मांतरण के मामले में लोगों का आक्रोश कम नहीं हुआ। रविवार को शिव मंदिर में दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक हिंदू महापंचायत हुई। इसमें हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने युवती को परिजनों के सुपुर्द करने और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग उठाई। पंचायत में आगे की कार्रवाई के लिए 10 सदस्यीय कमेटी भी गठित की गई। 4 नवंबर को युवती को ले जाने का आरोप मामला 4 नवंबर का है। ऊंचा गांव निवासी युवती को हरियाणा के यमुनानगर निवासी आसिफ बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आसिफ समेत पांच लोगों के खिलाफ अपहरण और कथित धर्मांतरण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी। शनिवार रात पुलिस ने युवती को यमुनानगर से बरामद कर लिया। इसके बावजूद रविवार को महापंचायत बुलाई गई। आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग महापंचायत में महाराज डॉ. गौतम नाथ योगी ने कहा कि हिंदू समाज की बेटी को इस तरह ले जाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने युवती को तत्काल परिजनों को सौंपने और आरोपियों के घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की। रोहित प्रधान ने कहा कि पुलिस युवती को तत्काल परिवार के सुपुर्द करे और मामले में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजे। नितिन चौधरी ने भी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। आगे की कार्रवाई के लिए 10 सदस्यीय कमेटी बनाई पूर्व प्रधान रविंद्र चौहान ने पंचायत में मौजूद लोगों से विचार-विमर्श के बाद 10 सदस्यीय कमेटी गठित की। यह कमेटी युवती को परिजनों के सुपुर्द करने और आगे की कार्रवाई को लेकर पुलिस-प्रशासन से बातचीत करेगी। पुलिस बोली- बयान और मेडिकल के बाद होगी कार्रवाई महापंचायत में सीओ हेमंत कुमार और कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार भी पहुंचे। सीओ ने बताया कि युवती को बरामद कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। युवती के बयान दर्ज कराने और मेडिकल की प्रक्रिया कराई जा रही है। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। दोपहर में स्थगित की, फिर आयोजित हुई महापंचायत युवती की बरामदगी की जानकारी मिलने पर हिंदू संगठनों ने दोपहर में महापंचायत स्थगित कर दी थी। हालांकि, बाद में पदाधिकारियों के बीच बातचीत हुई और पंचायत करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद शिव मंदिर में महापंचायत हुई। इसमें पहल सिंह सैनी, विशाल सैनी, अंकित चौहान, संदीप गुर्जर, दक्ष चौधरी और गौरव चौहान समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)