रैगिंग पर रोकथाम के लिए रामायण विश्वविद्यालय में बनाएंगे कार्ययोजना:सीओ अयोध्या ने नियमित निगरानी और त्वरित कार्रवाई को बताया प्रभावी माध्यम, जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर
महर्षि महेश योगी रामायण विश्वविद्यालय में रैगिंग की रोकथाम और विद्यार्थियों को सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एंटी-रैगिंग कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय प्रशासन एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों ने रैगिंग मुक्त परिसर के निर्माण के लिए आपसी समन्वय, प्रभावी निगरानी और जागरूकता आधारित कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया। बैठक में सीओ अयोध्या श्री आशुतोष तिवारी ने रैगिंग की रोकथाम के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन को जागरूकता और सतर्कता के साथ ठोस कदम उठाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि रैगिंग जैसी घटनाओं को रोकने के लिए केवल नियम बनाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को इसके दुष्परिणामों और कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। इसके लिए नए विद्यार्थियों के साथ नियमित संवाद स्थापित किया जाना चाहिए, ताकि वे किसी भी प्रकार के दबाव, दुर्व्यवहार या उत्पीड़न की स्थिति में बिना किसी भय के अपनी शिकायत दर्ज करा सकें। उन्होंने परिसर में नियमित निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, एंटी-रैगिंग हेल्पलाइन एवं शिकायत तंत्र की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाने तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही, वरिष्ठ विद्यार्थियों को भी रैगिंग के विरुद्ध सकारात्मक भूमिका निभाने और नए विद्यार्थियों के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए प्रेरित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। बैठक में रेजिडेंट मजिस्ट्रेट श्री मोहित यादव ने भी रैगिंग की रोकथाम के लिए प्रशासनिक सतर्कता और विश्वविद्यालय स्तर पर प्रभावी शिकायत निस्तारण व्यवस्था विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को भयमुक्त वातावरण में शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलना चाहिए और इसके लिए सभी संबंधित विभागों को अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभानी होगी। विश्वविद्यालय के चीफ प्रॉक्टर डॉ. आनंद कुमार दुबे ने कहा कि विश्वविद्यालय रैगिंग के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए परिसर को पूरी तरह सुरक्षित और अनुशासित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। बैठक में विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के एंटी-रैगिंग नियमों एवं दिशा-निर्देशों के प्रभावी अनुपालन, एंटी-रैगिंग कमेटी की सक्रिय भूमिका, शिकायतों के त्वरित निस्तारण तथा नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। बैठक में विश्वविद्यालय की डीन अकादमिक रीता जायसवाल, चीफ प्रॉक्टर आनद दूबे विभिन्न संकायों के डीन सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने सामूहिक संकल्प लिया कि विश्वविद्यालय प्रशासन, पुलिस एवं जिला प्रशासन के आपसी सहयोग से परिसर को रैगिंग मुक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक विद्यार्थी सुरक्षित, सम्मानजनक और सकारात्मक वातावरण में अपने शैक्षणिक एवं व्यक्तिगत विकास की दिशा में आगे बढ़ सके।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)