दिल्ली की जहरीली हवा से स्कूलों पर असर! 5वीं तक के बच्चों की पढ़ाई अब ऑनलाइन या ऑफलाइन
दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण के कारण कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड पढ़ाई अनिवार्य की गई है। अब बच्चे स्कूल जाकर या घर बैठे ऑनलाइन पढ़ाई कर सकेंगे।
दि राइजिंग न्यूज़ | नई दिल्ली | 7 नवंबर 2026
राजधानी दिल्ली में लगातार बढ़ते वायु प्रदूषण का असर अब स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी दिखाई देने लगा है। बच्चों की सेहत को ध्यान में रखते हुए दिल्ली शिक्षा निदेशालय ने कक्षा 5 तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई अनिवार्य कर दी है। अब विद्यार्थी स्कूल जाकर कक्षाओं में पढ़ाई कर सकेंगे या घर बैठे ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगे। अभिभावकों को दोनों में से किसी एक विकल्प को चुनने की सुविधा दी गई है।
शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी यह आदेश दिल्ली के सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों पर लागू होगा। इसके अलावा नई दिल्ली नगरपालिका परिषद, दिल्ली नगर निगम और दिल्ली छावनी बोर्ड के स्कूलों को भी इसका पालन करना होगा। स्कूलों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कक्षाएं संचालित करनी होंगी, ताकि बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
प्रदूषण के चलते लिया गया फैसला
दिल्ली और आसपास के इलाकों में लगातार बिगड़ती हवा को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान के तीसरे चरण के तहत प्रतिबंध लागू किए हैं। इसी के तहत छोटे बच्चों को प्रदूषित हवा के सीधे संपर्क से बचाने के लिए हाइब्रिड पढ़ाई का फैसला लिया गया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)