पंजाब में BJP-अकाली दल का गठबंधन, PM मोदी बोले- पंजाब का कल्याण सबसे ऊपर!
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन का स्वागत करते हुए कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सर्वोपरि है। दोनों दलों ने 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए सभी 117 सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने का ऐलान किया है।
दि राइजिंग न्यूज़ | पंजाब | 24 नवंबर 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पंजाब में भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल के बीच हुए गठबंधन पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि पंजाब और पंजाबियों का कल्याण सबसे ऊपर है। मंगलवार (24 नवंबर) को सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने शिरोमणि अकाली दल की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में वापसी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों का गठबंधन स्वाभाविक है और इससे पंजाब को जनहितैषी शासन मिलेगा, जो राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन नेताओं द्वारा मजबूत किया गया भाजपा-अकाली दल गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा। उन्होंने इस राजनीतिक साझेदारी को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर और भी विशेष बताया।
दरअसल, भाजपा और शिरोमणि अकाली दल ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले मंगलवार को दिल्ली में गठबंधन का ऐलान किया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि दोनों पार्टियां पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गठबंधन की स्थिति में मुख्यमंत्री का पद शिरोमणि अकाली दल के पास रहेगा। इस घोषणा के साथ ही दोनों दलों के बीच लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक दूरी खत्म हो गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)