शेषनाग जाने से पहले महबूबा मुफ्ती को पुलिस ने रोका:मशीनों से खुदाई का वीडियो देखकर जायजा लेने पहुंची थीं; BRO अमरनाथ कॉरिडोर बना रहा

Nov 24, 2026 - 15:35
0
शेषनाग जाने से पहले महबूबा मुफ्ती को पुलिस ने रोका:मशीनों से खुदाई का वीडियो देखकर जायजा लेने पहुंची थीं; BRO अमरनाथ कॉरिडोर बना रहा
PDP अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले में शेषनाग झील जाते समय पुलिस ने रोक दिया। वे वायरल वीडियो में भारी मशीनों और खुदाई करने वाली मशीनों के इस्तेमाल की जानकारी लेने जा रही थीं। महबूबा मंगलवार सुबह पार्टी विधायकों वहीद पारा और सैयद मुंतज़िर मेहंदी के साथ शेषनाग के लिए रवाना हुई थीं। तीनों दक्षिण कश्मीर जिले में अमरनाथ यात्रा मार्ग से आगे बढ़ रहे थे। PDP नेताओं ने चंदनवाड़ी से शेषनाग तक पैदल जाने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें वहीं रोक दिया। महबूबा ने भारी बुलडोजरों से खुदाई को पर्यावरण और अमरनाथ यात्रा की धार्मिक पवित्रता के लिए खतरा बताया। उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मामले में दखल देने की अपील की। महबूबा के सरकार पर 4 आरोप 1. शेषनाग में जो हो रहा है, वो बहुत डरावना है: शेषनाग में जो हो रहा है, उसकी जानकारी बहुत डराने वाली है। वहां बड़ी मशीनें और बड़े बुलडोजर ले जाए गए हैं। शेषनाग अमरनाथ गुफा से कुछ किलोमीटर दूर है और वहां खुदाई हो रही है। 2. ग्लेशियर उजाड़ोगे तो शिवलिंग कैसे बनेगा: जंगल, पहाड़ और ग्लेशियर शेषनाग समेत अमरनाथ में बनने वाले शिवलिंग में बड़ी भूमिका निभाते हैं। अगर आप जम्मू-कश्मीर के पर्यावरण को इस तरह नष्ट करेंगे और वहां इतनी बड़ी मशीनें ले जाएंगे, तो शिवलिंग कैसे बनेगा? फिर आप यहां किसलिए आएंगे? 3. शेषनाग हिंदू परंपरा में पूजनीय, ये कश्मीरियत का प्रतीक: शेषनाग हिंदू परंपरा में गहराई से पूजनीय है। अमरनाथ यात्रा सदियों पुरानी कश्मीरियत और हिंदू-मुस्लिम भाईचारे का प्रतीक है। 4. डेवलपमेंट के नाम पर लैंडस्केप बदला जा रहा है: आपने उत्तराखंड में भी हालात खराब कर दिए; वहां भी आपने तीर्थयात्रा, जो आस्था का मामला था, उसे टूरिस्ट डेस्टिनेशन बना दिया। आप यहां भी वही कर रहे हैं। गडकरी से दखल की अपील PDP अध्यक्ष ने केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से दखल देने की अपील की। उन्होंने सरकार से कश्मीर के नाजुक हिमालयी पर्यावरण से समझौता नहीं करने को कहा। महबूबा ने कहा, “हमारे पर्यावरण के अलावा इन हिमालयी पहाड़ों, जंगलों और ग्लेशियरों के रूप में जम्मू-कश्मीर के पास कुछ और नहीं है।”

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User