वियतनाम के रेस्टोरेंट में धमाका, 6 लोगों की मौत:10 घायल, मलबे में लोगों की तलाश जारी; गैस लीक से धमाके की आशंका
वियतनाम की राजधानी हनोई में मंगलवार सुबह एक रेस्टोरेंट में जोरदार धमाका हुआ। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 घायल हुए हैं। धमाके से आसपास की इमारतों की खिड़कियों के कांच टूट गए और दीवारों में दरारें आ गईं। धमाके के बाद रेस्टोरेंट का एक हिस्सा भी ढह गया। पुलिस और बचाव दल मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं। शुरुआती जांच में गैस लीक होने से धमाके की आशंका जताई गई है। धमाके के बाद की 3 तस्वीरें आसपास की इमारतों को भी नुकसान हुआ रेस्टोरेंट में धमाका सुबह करीब 8 बजे डोंग दा स्ट्रीट पर बने एक हॉटपॉट रेस्टोरेंट में हुआ। इस दौरान आसपास की इमारतें भी हिल गईं। कई इमारतों की छतों और दुकानों के शेड भी टूट गए। धमाके के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। बचावकर्मी खास उपकरणों की मदद से मलबे में लोगों की तलाश कर रहे हैं। कंक्रीट के भारी टुकड़े हटाने के लिए हाइड्रोलिक मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। अधिकारियों को आशंका है कि कुछ लोग अब भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। आसपास की कमजोर इमारतों में रहने वाले लोगों को भी सुरक्षा के लिए दूसरी जगह पहुंचाया गया है। हनोई पुलिस के मुताबिक, हादसे की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में गैस विस्फोट को इमारत का एक हिस्सा ढहने की वजह माना जा रहा है। वियतनाम में पहले भी गैस धमाकों से हुई मौतें 8 अप्रैल 2012: बिन्ह डुओंग प्रांत के थुआन आन शहर में एक रिहायशी इमारत में गैस धमाका हुआ। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 12 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। 18 अक्टूबर 2015: वियतनाम के हो ची मिन्ह सिटी में एक रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर बदलते समय धमाका हुआ। हादसे में रेस्टोरेंट की 43 साल की मालकिन और उनकी 13 साल की बेटी की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हुए। 10 मई 2025: हो ची मिन्ह सिटी के थू डुक इलाके में एक घर में गैस लीक होने से धमाका हुआ। हादसे में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)