कार्तिक पूर्णिमा पर गगोल तीर्थ में उमड़े श्रद्धालु:महंत बोले- तपोभूमि होने से है विशेष आस्था, शाम को होगा दीपदान
मेरठ के गगोल तीर्थ में कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार सुबह से श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विश्वामित्र तपोभूमि स्थित ऐतिहासिक मानसरोवर में सुबह 4 बजे से ही स्नान शुरू हो गया। हजारों लोगों ने सरोवर में आस्था की डुबकी लगाई और मंदिर में पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। हर-हर गंगे के जयकारों से पूरा तीर्थ परिसर गूंजता रहा। सुबह से ही महिला, पुरुष और बच्चे परिवार के साथ तीर्थ पहुंचते रहे। स्नान और दर्शन के बाद श्रद्धालुओं ने दीपदान किया। शाम को भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसके लिए मंदिर परिसर में विशेष तैयारियां की गई हैं। सुबह 4 बजे से शुरू हुआ स्नान कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र सरोवर में स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी मान्यता के चलते सुबह से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया। लोगों ने मानसरोवर में स्नान के बाद मंदिर में पूजा-अर्चना की और धार्मिक परंपराएं निभाईं। महंत शिवदास महाराज ने बताया कि कार्तिक महीने में पूरे माह स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की मनोकामना पूरी होने की मान्यता है। गगोल तीर्थ विश्वामित्र की तपोभूमि होने के कारण यहां लोगों की विशेष आस्था है। मंगलवार सुबह 4 बजे से ही हजारों श्रद्धालु सरोवर में स्नान कर रहे हैं। शाम 3 बजे से साढ़े 5 बजे तक होगा दीपदान महंत शिवदास महाराज ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर शाम को भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दीपदान के लिए पहुंचेंगे। विष्णु देव की पावली के अवसर पर शाम 3 बजे से साढ़े 5 बजे तक दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। श्रद्धालु अपने पितरों और देवी-देवताओं के निमित्त दीपदान करेंगे। महंत ने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में तीर्थ पहुंचकर इस धार्मिक परंपरा में शामिल होने की अपील की। भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया, मेले में बच्चों ने उठाया आनंद कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर भाजपा नेता बलराज सिंह डूंगर की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें तीर्थ पहुंचे श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। वहीं, मेले में लगे झूले और चरखियां बच्चों के आकर्षण का केंद्र रहे। पूजा सामग्री, खिलौने और खानपान की दुकानों पर भी दिनभर भीड़ लगी रही। स्नान, पूजा-अर्चना, दीपदान और भंडारे के चलते गगोल तीर्थ में पूरे दिन धार्मिक उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)