15 बीघा जमीन की अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चला:सीतापुर में बिना लेआउट काटे जा रहे थे प्लॉट, डीएम के निर्देश पर कार्रवाई
सीतापुर में शहर के आसपास बिना मानचित्र और लेआउट स्वीकृत कराए अवैध रूप से प्लाटिंग करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार दोपहर करीब 4 बजे सदर तहसील क्षेत्र के लखीमपुर रोड स्थित नैपालापुर में करीब 15 बीघा जमीन पर हो रही अवैध प्लाटिंग पर बुलडोजर चलाया गया। यहां बिना लेआउट स्वीकृत कराए पुष्पा ग्रीन सिटी के नाम से प्लॉट काटे जा रहे थे। प्रशासन ने कार्रवाई के दौरान बुलडोजर से अवैध प्लाटिंग स्थल पर निर्माण और प्लॉटिंग के लिए तैयार किए गए ढांचे को ध्वस्त करा दिया। 15 बीघा जमीन पर काटे जा रहे थे प्लॉट प्रशासन के अनुसार, नैपालापुर में करीब 15 बीघा जमीन पर पुष्पा ग्रीन सिटी के नाम से प्लाटिंग कराई जा रही थी। इसके लिए संबंधित विभाग से लेआउट स्वीकृत नहीं कराया गया था। इसके बावजूद जमीन को छोटे-छोटे भूखंडों में बांटकर बिक्री की तैयारी की जा रही थी। मामले की जानकारी मिलने पर प्रशासन ने कार्रवाई की। डीएम के निर्देश पर पहुंची प्रशासनिक टीम डीएम प्रथमेश कुमार और सिटी मजिस्ट्रेट के निर्देश पर बुधवार को प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बुलडोजर की मदद से अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराया। प्रशासन के मुताबिक, इस जमीन पर जगदीश जगवानी प्लाटिंग करा रहे थे। कार्रवाई के दौरान विनियमित क्षेत्र के जेई भी मौजूद रहे। अवैध प्लाटिंग के खिलाफ अभियान जारी रहेगा प्रशासन की कार्रवाई से अवैध रूप से प्लाटिंग करने वालों में खलबली मची रही। जेई एमके पांडेय ने बताया कि बिना लेआउट स्वीकृत कराए और नियमों को ताक पर रखकर की जा रही प्लाटिंग के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि जमीन खरीदने से पहले संबंधित विभाग से लेआउट और जरूरी दस्तावेजों की जांच जरूर कर लें, ताकि बाद में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)