200 बीघे में फैले बेंती आश्रम में होगी श्रीराम कथा:पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दिव्य दरबार लगेगा; एक लाख लोगों के बैठने की व्यवस्था
प्रतापगढ़ में राजा भैया बागेश्वर धाम के पं धीरेंद्र शास्त्री की श्री राम कथा करा रहे हैं। ये कथा कुंडा स्थित बेंती राजभवन में 17 से 20 नवंबर तक होगी। श्रीराम कथा में दिव्य दरबार भी लगेगा। करीब 200 बीघे में फैले आयोजन स्थल पर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजकों के मुताबिक, एक समय में करीब एक लाख श्रद्धालु कथा सुन सकेंगे। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए 550 फीट लंबा और 100 फीट चौड़ा मुख्य पंडाल बनाया गया है। इसे वाटरप्रूफ रखा गया है। इसके अलावा दो बड़े टेंट भी लगाए जा रहे हैं। बनारस के टेंट कारोबारी पंडाल सजा रहे हैं। कथा व्यास के लिए अलग मुख्य टेंट बनाया जा रहा है। दो तस्वीरें देखें कुछ प्वाइंट्स में पढ़िए कथा की तैयारियां राजा भैया ने देखी व्यवस्थाएं राजा भैया ने आज शनिवार को बजरंग पीजी कॉलेज पहुंचकर जनसत्ता दल के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और तीन कमेटियों का गठन किया। हनुमान दल, अंगद दल और जामवंत दल को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कथा में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं होनी चाहिए। राजनीति और फिल्म जगत की हस्तियों आ सकती हैं कथा में योग गुरु बाबा रामदेव, उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री, पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह और विधायक टी. राजा सिंह समेत कई वीवीआईपी मेहमानों के शामिल होने की संभावना है। फिल्म अभिनेता संजय दत्त और सुपरस्टार रजनीकांत के भी कथा सुनने बेंती पहुंचने की चर्चा है। हालांकि, इनके आगमन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आठ क्षेत्रों से निकलेगी कलश यात्रा श्रीराम कथा के आमंत्रण के लिए निकाली जाने वाली कलश यात्रा कुंडा क्षेत्र के चार विकासखंडों की 141 ग्राम पंचायतों के 250 से अधिक गांवों से होकर गुजरेगी। इसके अलावा चार नगर पंचायतों के 50 से अधिक वार्डों में भी यात्रा पहुंचेगी। कलश यात्राओं का नेतृत्व अलग-अलग जिम्मेदार लोगों को सौंपा गया है। कालाकांकर ब्लॉक की यात्रा का नेतृत्व राजा भैया के बड़े बेटे शिवराज प्रताप सिंह करेंगे। बाबागंज ब्लॉक के कनावा गांव से निकलने वाली यात्रा की कमान उनके छोटे बेटे बृजराज प्रताप सिंह संभालेंगे। कुंडा ब्लॉक में डीहा गांव स्थित संत राज महाविद्यालय से जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय मुख्य महासचिव डॉ. केएन ओझा नेतृत्व करेंगे। बिहार ब्लॉक में एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह गोपाल बिहार मुख्यालय से निकलने वाली यात्रा का नेतृत्व करेंगे। कुंडा नगर पंचायत में रोडवेज बस अड्डे से निकलने वाली यात्रा का नेतृत्व चेयरमैन प्रतिनिधि शिव कुमार तिवारी करेंगे। डेरवा में चेयरमैन कुंवर बहादुर पटेल नेतृत्व करेंगे। मानिकपुर और हीरागंज नगर पंचायतों में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता यात्रा की जिम्मेदारी संभालेंगे। कथा स्थल तक चलेंगी रोडवेज की सात स्पेशल बसें श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन निगम ने भी विशेष तैयारी की है। प्रतापगढ़ डिपो से 17 से 20 नवंबर तक कथा स्थल के लिए सात स्पेशल बसों का संचालन किया जाएगा। प्रतापगढ़ जिला मुख्यालय के अलावा पट्टी, रानीगंज और लालगंज तहसील क्षेत्र के श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा। बसें सुबह आठ से दस बजे के बीच तथा दोपहर 12 बजे, दो और तीन बजे प्रतापगढ़ से कुंडा के लिए रवाना होंगी। कथा समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं को वापस लाया जाएगा। भीड़ बढ़ने पर बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। एआरएम सत्य प्रकाश ने बताया कि जाम की स्थिति को देखते हुए चालक और परिचालकों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन को लेकर कुंडा और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। विशाल पंडाल, भोजन व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, कलश यात्रा और परिवहन की तैयारियों के बीच अब श्रद्धालुओं को 17 नवंबर से शुरू होने वाली श्रीराम कथा का इंतजार है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)