यात्रियों का हाल जानने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे रवि-किशन:बोले- 'कईसन हाल बा'; महिलाओं और बच्चों ने ली सेल्फी

Nov 14, 2026 - 13:04
0
यात्रियों का हाल जानने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे रवि-किशन:बोले- 'कईसन हाल बा'; महिलाओं और बच्चों ने ली सेल्फी
गोरखपुर छठ महापर्व पर घर लौटने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने शनिवार को पूर्वोत्तर रेलवे के गोरखपुर जंक्शन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोगों से उनका हाल पूछा- बोले कईसन हाल बा हो जनता। इस दौरान उनके साथ लोगों ने जमकर सेल्फी ली। रवि किशन ने स्टेशन परिसर में बनाए गए यात्री होल्डिंग एरिया का जायजा लिया और वहां ठहरे यात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। सांसद को अपने बीच देखकर यात्री भी उत्साहित नजर आए। कई परिवारों ने बच्चों के साथ उनके साथ सेल्फी खिंचवाई और फोटो ली। निरीक्षण के दौरान एक महिला यात्री ने सांसद को बताया कि यात्रा के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। उसे होल्डिंग एरिया में ही दवा मिल गई, जिससे उसे काफी राहत मिली। देखिए 2 तस्वीरें… सांसद ने यात्रियों से पेयजल, बैठने, साफ-सफाई, मेडिकल सुविधा और ट्रेनों की जानकारी मिलने जैसी व्यवस्थाओं के बारे में भी पूछा। इसके बाद सांसद ने स्टेशन के अलग-अलग प्लेटफॉर्मों का भ्रमण किया। उन्होंने साफ-सफाई, पेयजल, यात्रियों के बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को देखा। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से कहा कि छठ पर्व के दौरान स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन हो रहा है। ऐसे में किसी भी यात्री को परेशानी नहीं होनी चाहिए। भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा के लिए चौबीसों घंटे निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। चार होल्डिंग एरिया में 3 हजार यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था छठ पर्व पर ट्रेनों के इंतजार में यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर भटकना न पड़े, इसके लिए गोरखपुर जंक्शन पर चार अस्थायी होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं। इनमें एक साथ करीब 2500 से 3000 यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था है। यात्रियों के बैठने के लिए जर्मन हैंगर शेड लगाए गए हैं। यहां पेयजल, कूलर, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट और मेडिकल सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। तीन होल्डिंग एरिया प्लेटफॉर्म नंबर-1 से सटे हुए बनाए गए हैं, जबकि चौथा प्लेटफॉर्म नंबर-9 की तरफ बनाया गया है। इन सभी जगहों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं। इनके माध्यम से यात्रियों को ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी दी जा रही है। इससे यात्रियों को ट्रेन की जानकारी के लिए बार-बार प्लेटफॉर्म पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। टिकट के लिए भी नहीं लगानी पड़ेगी लंबी लाइन होल्डिंग एरिया में ही टिकट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। यहां एमयूटीएस मशीनें भी लगाई गई हैं। वाणिज्य विभाग के कर्मचारी 24 घंटे तैनात हैं, ताकि यात्रियों को टिकट लेने में परेशानी न हो। रेलवे की ओर से भीड़ को नियंत्रित करने के लिए स्टेशन परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। जरूरत पड़ने पर ड्रोन से भी निगरानी की जाएगी। इसके लिए विशेष वॉर रूम बनाया गया है, जहां से स्टेशन परिसर के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। इसका उद्देश्य भीड़ बढ़ने, अव्यवस्था या किसी आपात स्थिति की जानकारी मिलते ही संबंधित टीम को मौके पर भेजना है। बोले- यात्रियों की सुविधा सबसे बड़ी प्राथमिकता सांसद रवि किशन ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्री गोरखपुर पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा, सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। अधिकारियों को भीड़ प्रबंधन, स्वच्छता, सुरक्षा और यात्री सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर हर समय सतर्क निगरानी रखी जाए, जिससे यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। स्टेशन का निरीक्षण करने के बाद सांसद शहर के प्रमुख छठ घाटों के निरीक्षण के लिए रवाना हुए। वहां उन्होंने साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए की गई अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User