सहारनपुर देहात से सपा MLA आशु मलिक का इंटरव्यू:बोले–चार साल से सदन में उठा रहा हूं कैंसर का मामला, सरकार अब तक कारणों का पता नहीं लगा पाई

Nov 26, 2026 - 04:39
0
सहारनपुर देहात से सपा MLA आशु मलिक का इंटरव्यू:बोले–चार साल से सदन में उठा रहा हूं कैंसर का मामला, सरकार अब तक कारणों का पता नहीं लगा पाई
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। पार्टी ने सहारनपुर जिले में अपने दोनों मौजूदा विधायकों पर दोबारा भरोसा जताया है। बेहट विधानसभा सीट से उमर अली खान और सहारनपुर देहात सीट से आशु मलिक को फिर से प्रत्याशी बनाया गया है। टिकट मिलने के बाद विधायक आशु मलिक ने पार्टी नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के भरोसे पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करेंगे। उन्होंने 2027 के चुनाव को लेकर स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली, कैंसर के बढ़ते मामलों और 32 गांवों की समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बताया। दैनिक भास्कर से बातचीत में आशु मलिक ने कहा कि सहारनपुर में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति बेहद खराब है। गंभीर बीमारी होने पर लोगों को इलाज के लिए दिल्ली, चंडीगढ़ और देहरादून जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर सहारनपुर में विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूसरे शहरों में भटकना न पड़े। स्थानीय मुद्दों को पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में शामिल कराने के लिए भी प्रस्ताव भेजे गए हैं। सवाल : पार्टी ने दोबारा आप पर भरोसा जताया है। टिकट मिलने के बाद क्या कहना चाहेंगे? जवाब: सबसे पहले मैं समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का दिल से आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने मुझ पर जो विश्वास और भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा। जिस जगह से मेरा राजनीतिक सफर शुरू हुआ और जिन्होंने मेरे राजनीतिक सफर की बुनियाद रखी, उन अपने राजनीतिक मार्गदर्शक नेताजी मुलायम सिंह यादव को भी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। इसके साथ ही यहां की सम्मानित जनता मेरी सबसे बड़ी ताकत है। जनता से हमेशा मुझे जो प्यार, मोहब्बत और अपनापन मिला है, उसके लिए भी मैं आभारी हूं। सवाल : 2027 के विधानसभा चुनाव में किन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएंगे? जवाब: राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कई बार कह चुके हैं कि इस बार स्थानीय स्तर के मुद्दों को भी पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। हमने सहारनपुर के स्थानीय मुद्दों को घोषणा पत्र के लिए भेजा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जब यहां आए थे, तब उन्होंने भी कहा था कि सहारनपुर में सबसे बड़ी समस्या स्वास्थ्य सेवाओं की है। यहां स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह बदहाल हैं। जब किसी व्यक्ति को गंभीर बीमारी होती है तो उसे इलाज के लिए दिल्ली, चंडीगढ़ या देहरादून जाना पड़ता है। यह स्थिति बताती है कि जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की कितनी कमी है। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा। यहां विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास होगा, ताकि सहारनपुर और आसपास के लोगों को इलाज के लिए दूसरे शहरों में न जाना पड़े। सवाल : विधायक के तौर पर करीब पांच साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। क्या सरकार ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में आपका साथ दिया? जवाब: सरकार ने कितना साथ दिया, यह क्षेत्र की स्थिति देखकर समझा जा सकता है। यहां की सबसे बड़ी समस्या स्वास्थ्य से जुड़ी हुई है। क्षेत्र में रहस्यमय तरीके से कैंसर के मामले सामने आ रहे हैं और लगातार लोगों की मौतें हो रही हैं। मैं पिछले चार साल से इस गंभीर मुद्दे को विधानसभा में उठा रहा हूं। कई बार पत्र भी लिखे, लेकिन आज तक सरकार यह पता नहीं लगा पाई कि आखिर क्षेत्र में कैंसर फैलने की वजह क्या है। सवाल : कैंसर के बढ़ते मामलों के पीछे क्या वजह होने की आशंका है? जवाब: मैंने लगातार यह जानने की कोशिश की है कि आखिर कैंसर फैलने का कारण क्या है? क्या यह जलजनित समस्या है? क्या नदियों में जा रहा प्रदूषित पानी इसकी वजह है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है? सरकार को इसकी वैज्ञानिक जांच करानी चाहिए थी, ताकि बीमारी के वास्तविक कारणों का पता चल सके। चार साल से मैं इस मामले को सदन और समितियों में उठा रहा हूं। इसके बावजूद सरकार अब तक कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाई है। इतनी मौतें होने के बाद भी इस मामले में सरकार की गंभीरता दिखाई नहीं देती। यह जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा बेहद संवेदनशील मुद्दा है और हम इसे लगातार उठाते रहेंगे। सवाल : स्वास्थ्य के अलावा क्षेत्र की कौन-सी समस्याएं चुनाव में प्रमुख रहेंगी? जवाब: क्षेत्र के 32 गांवों की समस्याएं भी लगातार उठाई जा रही हैं। इन गांवों की बदहाली और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर हमने बार-बार आवाज उठाई, लेकिन सरकार ने ध्यान नहीं दिया। विकास कार्यों के लिए बजट सरकार के पास होता है। जब सरकार ही इन गांवों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देगी तो उनका समाधान कैसे होगा? जनता की समस्याओं को लेकर सरकार गंभीर नहीं है। हम लगातार इन मुद्दों को उठाते रहे हैं, लेकिन अपेक्षित समाधान नहीं हुआ। सवाल : क्या आपको लगता है कि इन मुद्दों के आधार पर 2027 में जनता बदलाव का मन बना चुकी है? जवाब: जनता इस तानाशाही सरकार को हटाना और बदलना चाहती है। 2027 में पीडीए की सरकार बनने जा रही है। समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर जनता के चेहरों पर खुशहाली आएगी। हमारी लड़ाई जनता की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर है। स्वास्थ्य सेवाओं से लेकर गांवों के विकास तक, हर मुद्दे पर जनता को राहत देने का काम किया जाएगा। सवाल : सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर अभी तक पूरी सहमति नहीं बन पाई है। क्या इससे चुनावी तैयारी प्रभावित होगी? जवाब: गठबंधन में सहमति और असहमति को लेकर बातचीत चलना कोई नई बात नहीं है। जब भी गठबंधन होता है तो अलग-अलग स्तर पर वार्ताएं होती हैं। कहीं कुछ बातों पर चर्चा होती है तो कहीं दूसरी बातों पर। फिलहाल ऐसी कोई बात नहीं है जिससे गठबंधन की मजबूती पर सवाल खड़ा हो। गठबंधन अपनी जगह मजबूती से खड़ा है। राष्ट्रीय नेतृत्व और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जो भी फैसला लेंगे, वही अंतिम होगा और हम सभी उसे मानेंगे। सवाल : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा है कि पीडीए का गठबंधन ज्यादा दिन नहीं चलेगा। इस बयान पर क्या प्रतिक्रिया है? जवाब: भाजपा के नेताओं को अपने गठबंधन पर ध्यान देना चाहिए। पीडीए की बढ़ती ताकत और उसके बढ़ते हुए कारवां से भाजपा घबराई हुई है। अगर आज भारतीय जनता पार्टी किसी से घबरा रही है तो वह पीडीए है। भाजपा को पीडीए की ताकत का एहसास हो रहा है। इसीलिए उसके नेता इस तरह के बयान दे रहे हैं। हमें पूरा विश्वास है कि 2027 में पीडीए की सरकार बनेगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User