बच्ची से दुष्कर्म के दोषी की अपील खारिज:हाईकोर्ट ने मुजफ्फरनगर केस में 25 साल की सजा बरकरार रखी

Nov 26, 2026 - 00:47
0
बच्ची से दुष्कर्म के दोषी की अपील खारिज:हाईकोर्ट ने मुजफ्फरनगर केस में 25 साल की सजा बरकरार रखी
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मुजफ्फरनगर में पांच वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में दोषी रुपेश उर्फ रुपेसी की अपील खारिज कर दी है। न्यायमूर्ति अब्दुल शाहिद ने फैसला सुनाते हुए विचारण अदालत की 25 साल के सश्रम कारावास और 50 हजार रुपये जुर्माने की सजा को बरकरार रखा। क्या है मामला जानिये मामला 11 अक्टूबर 2013 का है। खतौली थाना क्षेत्र के एक गांव में बच्ची सुबह खेलने निकली थी। देर तक न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। एक महिला ने गन्ने के खेत से बच्चे के रोने की आवाज आने की सूचना दी। वहां पहुंचे ग्रामीणों ने आरोपी को बच्ची के साथ दरिंदगी करते देखा। लोगों को देख वह गन्ने के खेत में भाग गया। उसी दिन शाम को पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मेडिकल जांच में उसके मुंह से शराब की गंध मिली। कोर्ट ने कहा कि बच्ची को गंभीर चोटें आईं। मेडिकल जांच में पेरिनियल टियर मिला, जो मलाशय तक पहुंच गया था। मेरठ के मेडिकल कॉलेज में उसकी आपातकालीन सर्जरी हुई और वह करीब 12 दिन भर्ती रही। डॉक्टरों ने जबरन प्रवेश के संकेत की पुष्टि की। कोर्ट में क्या तर्क दिए जानिये आरोपी के वकील ने गवाहों को रिश्तेदार बताकर उनकी आंख विश्वसनीयता, मामूली विरोधाभास और जांच में खामियों का तर्क दिया। कोर्ट ने इसे अस्वीकार करते हुए कहा कि परिजन स्वाभाविक गवाह होते हैं और आपराधिक मामलों में गणितीय सटीकता अपेक्षित नहीं है। जांच की कमियां अभियोजन के लिए घातक नहीं होतीं। पीड़िता की गवाही को कोर्ट ने सबसे अहम माना। बच्ची ने अदालत में आरोपी की पहचान की और घटना बताई। पिता और चाचा की गवाही व मेडिकल साक्ष्य ने भी इसकी पुष्टि की। कोर्ट ने माना कि अभियोजन ने आरोप संदेह से परे साबित किए हैं। अपील खारिज करते हुए आरोपी को जेल में ही सजा पूरी करने का आदेश दिया गया। जेल में बिताई अवधि सजा में समायोजित होगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User