दलित-मुस्लिम वोट से तय होगी यूपी की सत्ता:ओवैसी-चंद्रशेखर का गठजोड़ महागठबंधन और बसपा के लिए कितनी बड़ी चुनौती
2027 के यूपी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में दलित और मुस्लिम वोटों को लेकर नई गोलबंदी शुरू हो गई है। असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर के नए गठबंधन का आधार भी यही है। दरअसल, बसपा सुप्रीमो मायावती के कमजोर होने के बाद दलित समाज नए नेतृत्व की तलाश में है। बसपा भले ही 2007 जैसा चुनावी प्रदर्शन दोहराने का दावा कर रही हो, लेकिन वह अपने कोर वोटर्स में भी भरोसा जगाने में कामयाब नहीं हो पाई है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की पुण्यतिथि पर 6 दिसंबर को होने वाली रैली से बसपा को कुछ चमत्कार की उम्मीद है। वहीं, बसपा की कमजोर होती स्थिति से खाली हुई जगह भरने की कोशिश चंद्रशेखर अपनी आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के जरिए कर रहे हैं। जाटव भी मायावती से दूर हो रहे 2017 के विधानसभा चुनाव में बसपा को जाटव समाज के 87% और गैर-जाटव दलितों के 44% वोट मिले थे। 2022 में यह रुझान बदल गया। जाटव समाज के 65% वोट बसपा, 9% सपा, 20% भाजपा और 1% कांग्रेस को मिले। वहीं, गैर-जाटव दलितों में 40% वोट भाजपा, 27% बसपा, 23% सपा और 4% कांग्रेस को मिले थे। यानी पांच साल में दलित वोटरों की पसंद बदली। 2017 से 2022 के बीच जाटव समाज के 20% और गैर-जाटव दलितों के 11% वोट भाजपा के साथ जुड़े। लोकसभा चुनाव 2024 में ‘संविधान खतरे में है’ के नैरेटिव का असर दलित वोटों पर भी दिखाई दिया। तब दलितों के करीब 56% वोट INDIA गठबंधन, 29% NDA और 15% बसपा को मिले। सपा के PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फॉर्मूले का असर भी चुनाव में दिखा। हालांकि, जाटव समाज में 44% वोट के साथ बसपा सबसे आगे रही। INDIA गठबंधन को 25% और NDA को 24% वोट मिले। इससे साफ हुआ कि जाटव वोटों में भी बसपा के अलावा दूसरे दलों के लिए जगह बनी। इस तरह 2022 में भाजपा के साथ रहे जाटव समाज के 20% और गैर-जाटव दलितों के 11% वोटरों का रुझान 2024 में INDIA गठबंधन की ओर बदला। इसी चुनाव में सपा-कांग्रेस गठबंधन ने भाजपा के साथ वोटों के अंतर को पाटते हुए बढ़त हासिल की। मुस्लिम वोटों में सपा की मजबूत पकड़ 2022 विधानसभा चुनाव में करीब 79% मुस्लिम सपा के साथ थे। बसपा को 6% और कांग्रेस को 3% वोट मिले थे। 2024 लोकसभा चुनाव में 92% मुस्लिम वोटर्स का समर्थन सपा-कांग्रेस गठबंधन को था। मतलब यूपी के मुस्लिमों को पता है कि यहां भाजपा को टक्कर देने की हालात में कौन सी पार्टी है। वरिष्ठ पत्रकार हर्षवर्धन त्रिपाठी कहते हैं कि यूपी में मुस्लिम उसी प्रत्याशी के पक्ष में लामबंद होते हैं, जो भाजपा प्रत्याशी को हराने की कुव्वत रखता हो। यह सीट दर सीट निर्धारित होती है। अभी INDIA गठबंधन उनकी पहली पसंद है। मुस्लिम बहुल सीटों पर कई मुस्लिम प्रत्याशी उतरने की स्थिति में कुछ वोटों का बंटवारा हो सकता है, लेकिन ये बहुत मामूली होगा। इससे जीत–हार के फैक्टर पर कोई असर नहीं दिखेगा। SC रिजर्व सीटों पर भी मुस्लिम वोट निर्णायक यूपी के मुस्लिमों में 80% सुन्नी हैं। SC आरक्षित 84 सीटों में कई सीटें ऐसी हैं, जहां, मुस्लिम वोटर निर्णायक भूमिका में हैं। नगीना, पुरकाजी, धनौरा और नहटौर जैसी सीटों पर प्रत्याशी भले ही दलित होता है, लेकिन जीत-हार का फैसला 35-40% मुस्लिम वोट पर टिका रहता है। चंद्रशेखर भी मायावती की तरह जाटव समाज से आते हैं। यूपी के दलित वर्ग में अकेले जाटव आबादी 12% है। 5 सुरक्षित सीटें ऐसी हैं, जहां जाटव वोटर 25% से ज्यादा हैं। इनमें आगरा कैंट में करीब 33%, रामपुर मनिहारन में 31%, चुनार में: 28%, सहारनपुर देहात में 28% और रसूलबाद में 25% जाटव वोटर ही जीत-हार तय करते हैं। ओवैसी-चंद्रशेखर के सामने दलित-मुस्लिम वोट एक साथ लाने की चुनौती ओवैसी और चंद्रशेखर के सामने सबसे बड़ी चुनौती दलित और मुस्लिम वोटों को एक साथ अपने पाले में लाने की होगी। चंद्रशेखर को दलित युवाओं, खासकर जाटव समाज में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करनी होगी। वहीं, ओवैसी को मुस्लिमों के बीच सपा की मजबूत पकड़ को चुनौती देनी होगी। अगर गैर-जाटव दलितों के साथ जाटव वोटों का भी एक हिस्सा चंद्रशेखर के साथ आता है, तो बसपा का आधार और कमजोर हो सकता है। वहीं, मुस्लिम वोटों में बंटवारा होने पर सपा-कांग्रेस गठबंधन को नुकसान पहुंचने की संभावना है। ओवैसी और चंद्रशेखर 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई मैदान में संयुक्त रैली के जरिए अपनी ताकत दिखाना चाहते हैं। दोनों यह संदेश देने की कोशिश करेंगे कि प्रदेश के 21% दलित और 19% मुस्लिम मिलकर अपनी राजनीतिक ताकत के दम पर सरकार बनाने में भूमिका निभा सकते हैं। गठबंधन में चंद्रशेखर को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करना भी दलित वोटरों को साधने की रणनीति माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, रैली में AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली को डिप्टी सीएम के चेहरे के तौर पर पेश किया जा सकता है। वरिष्ठ पत्रकार सिद्धार्थ कलहंस के मुताबिक, ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन से INDIA गठबंधन को नुकसान हो सकता है। 2022 के विधानसभा चुनाव में 114 सीटें ऐसी थीं, जहां जीत-हार का अंतर 10 हजार वोटों से कम रहा। इनमें 63 सीटें भाजपा और 41 सीटें सपा ने जीती थीं। वहीं, 10 सीटों पर जीत-हार का अंतर 500 वोटों से भी कम रहा था। कांग्रेस का कोर वोट बिखरने से सपा-बसपा मजबूत हुई कांग्रेस यूपी में आखिरी बार 1985 में 269 सीटें जीतकर पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आई थी। इसके बाद पार्टी गठबंधन की राजनीति का हिस्सा तो रही, लेकिन अपने दम पर सरकार बनाने की स्थिति में नहीं पहुंच सकी। 1980 के दशक के आखिर तक कांग्रेस के मुख्य वोटरों में दलित, मुस्लिम और ब्राह्मण शामिल थे। लेकिन 90 के दशक में राम मंदिर आंदोलन और मंडल आयोग के तहत OBC आरक्षण की राजनीति के बाद उसका यह वोट बैंक बिखरने लगा। ब्राह्मण वोटर भाजपा के साथ चले गए, दलितों का बड़ा हिस्सा बसपा से जुड़ गया और OBC वोटरों का रुझान सपा की ओर बढ़ा। वहीं, मुस्लिम वोटर समय और राजनीतिक परिस्थितियों के हिसाब से उस पार्टी के पक्ष में लामबंद होते रहे, जिसे वे भाजपा को चुनौती देने की स्थिति में देखते थे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)