8 नवंबर को अयोध्या कचहरी में बम धमाके की धमकी:जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल पर आया धमकी भरा संदेश; अयोध्या- वाराणसी-मथुरा का जिक्र
दीपोत्सव और दिवाली के बीच अयोध्या जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ईमेल में 8 नवंबर को कचहरी परिसर में विस्फोट करने और 27 नवंबर तक लगातार धमाके करने की चेतावनी दी गई है। अयोध्या के अलावा वाराणसी और मथुरा के धार्मिक स्थलों को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। वाराणसी के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भी दी गई है। संदेश मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन सतर्क हो गए हैं। जिला न्यायालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर बुधवार दोपहर 12:25 बजे स्लेटर जॉन्सन नाम की ईमेल आईडी से धमकी भरा संदेश आया। इसमें खालिस्तान समर्थक नारे लिखे गए हैं। संदेश की गंभीरता को देखते हुए मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पीयूष त्रिपाठी ने एसएसपी को पत्र लिखकर न्यायालय परिसर की सुरक्षा तत्काल मजबूत करने की मांग की है। 12:25 बजे आया ईमेल, 8 नवंबर से धमाकों की चेतावनी धमकी भरे संदेश में लिखा गया है नवंबर को काली दिवाली होगी। अयोध्या, वाराणसी और मथुरा बोलेगा खालिस्तान-खालिस्तान जिंदाबाद। 8 नवंबर से धमाके होंगे, जो 27 नवंबर तक चलेंगे।' ईमेल में कुछ संगठनों के नामों का भी उल्लेख किया गया है। वाराणसी के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देते हुए बच्चों को बचाने की बात कही गई है। ईमेल मिलने के बाद न्यायालय प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं। सीजेएम ने मांगी अतिरिक्त फोर्स, बम निरोधक दस्ते से जांच कराने को कहा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पीयूष त्रिपाठी ने एसएसपी को भेजे पत्र में कचहरी की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम करने को कहा है। उन्होंने पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सभी प्रवेश-निकास द्वारों पर सघन जांच कराने की मांग की है। पत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की तलाशी, बम निरोधक दस्ते और श्वान दस्ते से नियमित जांच कराने तथा सीसीटीवी कैमरों से निगरानी बढ़ाने की बात कही गई है। सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने और ईमेल भेजने वाले की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने को भी कहा गया है। सीजेएम ने 8 से 27 नवंबर तक विशेष सतर्कता बरतने, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और नियमित गश्त कराने की मांग की है। पुलिस ने कचहरी के सभी गेट खंगाले धमकी की सूचना मिलते ही नगर कोतवाली और कैंट पुलिस की टीमें दोपहर में कचहरी पहुंचीं। सभी प्रवेश द्वारों पर सघन चेकिंग की गई। परिसर के भीतर भी छानबीन की गई। मेटल डिटेक्टर समेत सुरक्षा उपकरणों की जांच की गई। पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए गए कि बिना जांच किसी को भी परिसर में प्रवेश न दिया जाए। संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि बृहस्पतिवार से कचहरी की सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। तकनीकी माध्यमों से निगरानी की जा रही है। धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है। 2007 के बम धमाकों से दहल चुकी है फैजाबाद कचहरी फैजाबाद कचहरी पहले भी कई बार अराजकतत्वों के निशाने पर रही है। 23 नवंबर 2007 को यहां सिलसिलेवार बम धमाके हुए थे। इस घटना में कई लोगों की जान गई थी। इसके बाद भी न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकियां मिलती रही हैं। पहले भी आ चुकी है धमकी- जून 2022: रजिस्टर्ड डाक से धमकी भरा पत्र भेजा गया। सितंबर 2025: कचहरी परिसर से दो तमंचे और चार कारतूस मिले। फरवरी 2026: 18 बम लगाए जाने की धमकी मिलने पर पूरी कचहरी खाली कराई गई। अब एक बार फिर धमकी मिलने से न्यायालय परिसर की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। वहीं, दीपोत्सव और दिवाली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)